जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से उपमंडल पिहोवा में 15वीं लीगल एंड क्लीनिक गांव सारसा में बनाई जा रही है। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित बत्तरा 24 जनवरी को गांव सारसा की नई लीगल एंड क्लीनिक का शुभारंभ करेंगे।
अहम पहलू यह है कि पूरे देश में एनएएलएसए के कार्यकारी चेयरमैन एवं सुप्रीमकोर्ट के न्यायाधीश आरएम लोधा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए देश के हर तालुक के एक गांव में 24 जनवरी को नई लीगल एंड क्लीनिक की गतिविधियों को देखेंगे।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम सुमित गर्ग ने बताया कि विधिक सेवाएं प्राधिकरण की तरफ से लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने तथा सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता लाने के लिए सारसा गांव में नई लीगल एड क्लीनिक स्थापित की जा रही है।
जिला कुरुक्षेत्र में 20 व उपमंडल पिहोवा में 14 लीगल एंड क्लीनिक पहले से ही कार्यरत है। इस नई क्लीनिक से जिला में लीगल एंड क्लीनिक की संख्या 35 हो जाएगी।
उन्होंने बताया कि गांव के लोगों के आपसी झगड़ों को सांझे प्रयासों से निपटाने, लोगों की समस्याओं का समाधान करने, राशन कार्ड, बीपीएल कार्ड, मनरेगा आदि योजनाओं की जानकारी देने के लिए विधिक सेवाएं प्राधिकरण की तरफ से सारसा गांव में 24 जनवरी को नई लीगल एड क्लीनिक स्थापना कर दी जाएगी।
इस नई लीगल एंड क्लीनिक का शुभारंभ जिला एवं सत्र न्यायाधीश ललित बतरा करेंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता सुरेश कौशिक, पीएलवी राजेंद्र कुमार और सुनील कुमार इस लीगल एड क्लीनिक पर 24 जनवरी को सुबह 10 बजे से लेकर एक बजे तक बैठेंगे। गांव सारसा की लीगल एड क्लीनिक का मार्च माह तक का शेड्यूल भी जारी कर दिया है।
इस शेड्यूल के अनुसार गांव सारसा में 26 जनवरी, 2 फरवरी, 9 फरवरी, 16 फरवरी, 23 फरवरी, 2 मार्च, 16 मार्च, 23 मार्च व 30 मार्च को लीगल एड क्लीनिक में अधिवक्ता व पीएलवी सुबह 10 बजे से एक बजे तक बैठेंगे।