सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चीका और गुहला में शिविर लगाया गया। एसडीएम राजीव मेहता की अध्यक्षता में 16 से 18 वर्ष आयु वर्ग के 139 विद्यार्थियों के लर्निंग लाइसेंस जारी किए गए। इस मौके पर एसडीएम कार्यालय के स्टाफ के साथ-साथ स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सकों को भी तैनात किया गया।
एसडीएम ने अध्यापकों को निर्देश दिए कि वे इस बात को सुनिश्चित करें कि कोई भी विद्यार्थी बिना लाइसेंस के वाहन का प्रयोग न करे। इसके साथ-साथ प्रात:कालीन सभा के दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी दें।
सड़क पर चलते समय इन नियमों की पालना के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि अधिकतर सड़क दुर्घटनाएं यातायात नियमों की अनदेखी के कारण होती हैं और इन नियमों को अपनाकर प्रति वर्ष सड़क दुर्घटनाओं में मरने वालों की संख्या कम की जा सकती है।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रिंसिपल स्कूल वाहनों को लेकर सर्वोच्च न्यायालय द्वारा जारी दिशा निर्देशों की ईमानदारी से पालना करें। वे स्वयं भी समय-समय पर ऐसे वाहनों का निरीक्षण करेंगे और नियमों की अवहेलना पाए जाने पर सख्त कार्रवाई करें।
खंड शिक्षा अधिकारी प्रेम सिंह पूनिया ने कहा कि सप्ताह के दौरान बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों से संबंधित विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई है। इसके अतिरिक्त बच्चों द्वारा जागरूकता रैलियां निकालकर आम जनता को भी यह नियम अपनाने के लिए भी प्रेरित किया है।
विद्यालय में बच्चों की चित्रकला, स्लोगन और भाषण प्रतियोगिताएं करवाई गईं। इस अवसर पर एसडीएम कार्यालय से मनप्रीत सिंह भाटिया, रोशन लाल, डा. वीके डोगरा, प्रिंसिपल संजय कुमार, अर्जुन सिंह ढिल्लो मौजूद रहे।