अंबाला। अंबाला-जगाधरी राजमार्ग पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों की लंबी लड़ाई आखिरकार रंग लाई है। लगातार शिकायतों और हाल ही में हुई भारी क्षति के बाद प्रशासन की नींद टूटी है। वन विभाग ने औद्योगिक क्षेत्र के इर्द-गिर्द खड़े खतरनाक और सूखे सफेदे के पेड़ों को काटने का काम शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री कार्यालय तक शिकायत पहुंचने और एसडीएम कैंट की सख्त फटकार के बाद विभाग हरकत में आया है। पूर्व में आंधी के दौरान एक विशाल सफेदे का पेड़ विश्वकर्मा मशीन टूल नामक फैक्टरी पर जा गिरा था। पेड़ ने फैक्टरी के टिन शेड को तोड़ते हुए भीतर रखी कीमती मशीनरी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया था। फैक्टरी संचालक कमल धीमान ने यह समस्या एसडीएम को बताई थी।
150 से अधिक पेड़ बने थे खतरा
औद्योगिक क्षेत्र में करीब 70 फैक्ट्रियां हैं, जिनके चारों ओर वन विभाग के 150 से अधिक सफेदे के पेड़ लगे हैं। उद्यमियों का कहना है कि इनमें से अधिकांश पेड़ काफी पुराने और सूखे हैं, जो हल्की आंधी में भी गिरने के कगार पर थे। कई बार वन विभाग से इन्हें हटाने की गुहार लगाई गई थी, लेकिन सुनवाई न होने पर मामला पीएमओ तक पहुंचाया गया था।