बराड़ा/ साहा। अवैध कॉलोनियों के संचालकों के खिलाफ जिला नगर योजनाकार विभाग सख्त नजर आ रहा है। बीते कल जहां मुलाना क्षेत्र में कई कॉलोनियों पर विभाग ने जेसीबी चलाई, जो सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही थी। वहीं मंगलवार को भी विभाग के अमले ने बराड़ा और दीनारपुर में अवैध कॉलोनियों पर निर्माणों पर जमकर कार्रवाई की। जिला नगर योजनाकार ने उपायुक्त के निर्देश पर विभागीय दस्ते ने अर्बन एरिया बराड़ा के मौजगढ़ क्षेत्र में अवैध रूप से विकसित की जा रही कॉलोनियों पर तोडफोड़ की। इस दौरान अवैध कॉलोनियों में बनाई गई कच्ची सड़कों का जाल तोड़ा गया तथा मौके पर मौजूद कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वाले भूमाफियाओं में हड़कंप मच गया।
इस मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान, कनिष्ठ अभियंता अभिषेक कौशिक, क्षेत्र अन्वेषक रविन्द्र तथा एसएचओ इन्फोर्समेंट पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
दीनारपुर गांव में दुकानों और शोरूम को किया जमींदोज : सबसे बड़ी कार्रवाई साहा-शाहबाद रोड किनारे दीनारपुर गांव में बने शोरूम और दुकानों पर देखने को मिली। जहां विभाग की टीम ने कई दुकानों और शोरूम को तोड़ दिया। इस दौरान निर्माणों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान जिला नगर योजनाकार रोहित चौहान ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कुछ भूमालिक और प्रॉपर्टी डीलर कॉलोनियों के भविष्य में नियमित होने का झांसा देकर भोले-भाले लोगों को प्लॉट बेच रहे हैं, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे किसी भी प्रलोभन में न आएं और अवैध कॉलोनियों में न तो प्लॉट खरीदें और न ही किसी प्रकार का निर्माण करें।