हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से आयोजित महिला सिपाही पद की परीक्षा रविवार को शांतिपूर्ण संपन्न हुई। दो सत्र में आयोजित परीक्षा में सुरक्षा के कड़े प्रबंध थे। सुबह के सत्र में परीक्षार्थी सात बजे ही परीक्षा केंद्र के बाहर पहुंच गए वहीं दूसरे जिलों के परीक्षार्थी तो परीक्षा से एक दिन पूर्व ही कुरुक्षेत्र पहुुंच गए थे।
जिले में बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सुबह के सत्र में 16600 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी, जिसमें से 7947 परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा दी है और 8653 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे हैं। जैसे ही परीक्षा समाप्त हुई शहर में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए पुलिस सड़क पर तैनात नजर आई। परीक्षा के दौरान उपायुक्त मुकुल कुमार व पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। सबसे पहले उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने जनता पब्लिक स्कूल को चेक किया। इसके बाद सेठ टेकचंद पब्लिक स्कूल, गुरु नानक पब्लिक स्कूल व महावीर जैन पब्लिक स्कूल सहित शहर के अन्य शिक्षण संस्थानों में बनाए गए सेंटरों की सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य प्रबंधों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने सभी सेंटरों में अधिकारियों की हाजिरी को जांचा और नियमानुसार सेंटरों में व्यवस्था का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षाओं को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट और चेकिंग के लिए फ्लाइंग स्क्वायड भी नियुक्त किए हुए हैं। प्रशासन की तरफ से महिला सिपाही पद की परीक्षा के लिए सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इन इंतजामों के बीच परीक्षा का संचालन किया जा रहा है। इस परीक्षा के लिए बनाए गए सेंटरों के बाहर व अंदर पर्याप्त मात्रा में अधिकारी व कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है। महिला सिपाही पद के लिए रविवार को सुबह और सायं के सत्र में आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई है।