हरियाणा के कुरुक्षेत्र में पति से मामूली कहासुनी होने पर रविवार सुबह शंकर कॉलोनी की रहने एक महिला नरवाना ब्रांच नहर में कूद गई। उसे डूबता देख उसे बचाने के लिए पति ने भी नहर में छलांग लगा दी, मगर तैरना न जानने के कारण वह भी पानी के तेज बहाव में बह गया।
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने महिला को नहर से बाहर निकाला, मगर तब तक उसकी मौत हो गई थी। उसके बाद नहर में पति की तलाश की गई। गोताखोर प्रगट सिंह ने नहर से शव बरामद किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक शंकर कालोनी निवासी संजीव अपनी पत्नी नीलम के साथ रविवार को गांव झिमरहेड़ी स्थित किसी संत के डेरे में गए थे। वापसी में लौटते समय उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। वह लोग बजगावां नहर पुल पर नहर में धूपबत्ती की राख फेंकने के लिए रुके थे। इसी दौरान नीलम ने नहर में छलांग लगा दी।
नीलम को नहर में बहता देख संजीव करीब आधा किलोमीटर तक नहर के साथ पगडंडी पर दौड़ता रहा। उसने लोगों से मदद के लिए आवाज भी लगाई, मगर उसकी पत्नी बहती चली गई। पत्नी को देख उसने भी नहर में छलांग लगा दी, मगर पानी के तेज बहाव में वह भी बह गया। ग्रामीणों ने नहर में कूद कर नीलम के शव को निकाल लिया और सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही केयूके थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भेज दिया।
कुछ देर बाद मिला संजीव का शव
पुलिस ने मौके पर गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाया। गोताखोर प्रगट सिंह ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ नहर में कूदे और बजगावां नहर पुल से थोड़ी आगे संजीव के शव को बरामद कर लिया। जांच अधिकारी रामपाल ने बताया कि पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।