कुरुक्षेत्र। तीन दिन पहले आठ ग्राम स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी महिला सप्लायर को गिरफ्त में लेने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे कारागार भेज दिया गया है। आरोपी महिला की पहचान शर्मिला निवासी अदियाना जिला पानीपत के रूप में हुई।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी मनदीप सिंह ने बताया कि 31 अक्तूबर को उनकी टीम बाबैन बस अड्डे पर गश्त कर रही थी। गुप्त सूचना पर उनकी टीम ने आरोपी प्रमोद कुमार उर्फ छोटा निवासी बाबैन को शाहाबाद रोड पर नाकाबंदी कर स्कूटी समेत काबू किया था। तलाशी लेने पर उसकी स्कूटी से आठ ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। आरोपी के खिलाफ थाना बाबैन में मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के बाद अदालत से दो दिन के रिमांड पर लिया था। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया था कि यह स्मैक शर्मिला से लेकर आया था।