दो अलग-अलग मामले में शातिर ठगों ने दो बैंक उपभोक्ताओं के अकाउंट से दो लाख 81 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। पुलिस ने शिकायत पर दोनों मामले दर्ज कर लिए हैं। पहले मामले में शातिर ठग ने युवती को उसके पिता का दोस्त बताकर अकाउंट से 81 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए।
ठग ने बेटी को अपनी बातों में उलझाकर 25 हजार, 50 हजार, पांच हजार और एक हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए। थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में युवती शालु वासी लक्ष्मण कॉलोनी ने कहा कि उसका सिटी बैंक में अकाउंट है। 16 सितंबर शाम 5 बजकर 39 मिनट पर उसके पास एक अनजान नंबर से कॉल आई थी, जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने उससे कहा कि उसने उसके पिता के 25 हजार रुपये देने हैं।
उसके पिता गूगल-पे, पेटीएम और फोन-पे का इस्तेमाल नहीं करते हैं और उन्होंने ही उसके अकाउंट में 25 हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए उसका नंबर दिया है। वह उसकी बातों में आ गई और उस व्यक्ति ने उसके फोन-पे पर 25 हजार रुपये का मैसेज भेजा और अपनी बातों में फंसाकर उसका पिन एप में डलवा लिया, जिससे उसके अकाउंट से 25 हजार रुपये कट गए। कुछ देर बाद उसने कहा कि गलती से उसके अकाउंट में 25 हजार रुपये आ गए हैं। अब वह उसे 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर रहा है और निर्देश दिया कि मेरे पिन डालने से पहले पिन मत डालना। कुछ देर के बाद उसने पिन डालने को कहा तो अकाउंट से 50 हजार रुपये कट गए। इस तरह दो बार में उसके अकाउंट से 75 हजार रुपये ट्रांसफर हो गए थे। दो बार ऐसा होने पर उसने उस व्यक्ति से पहले एक रुपया फिर पांच हजार रुपये ट्रांसफर करने के लिए बोला था।
तब उस व्यक्ति ने उसके अकाउंट में एक रुपया ट्रांसफर किया तो एक रुपया उसके अकाउंट में आ गया था। तब उसने इसी तरह से पेटीएम के जरिए उसके अकाउंट से पांच हजार और एक हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए थे। उसके बाद उस व्यक्ति ने अपना फोन बंद कर लिया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
वहीं, दूसरे मामले में शातिर ठग ने केवाईसी करने का झांसा देकर एक व्यक्ति से दो बार में दो लाख रुपये ठग लिए। सेक्टर-7 चौकी में दर्ज शिकायत में लक्ष्मण चोपड़ा वासी सेक्टर-7 ने कहा कि उसका आईसीआईसीआई में बैंक अकाउंट है। 17 सितंबर करीब 4 बजे उसके पास कॉल आई, जिसमें उस व्यक्ति ने कहा कि उसके नंबर पर केवाईसी करनी है। इसके लिए वह उसके पास 10 रुपये ट्रांसफर कर दो। इसी दौरान आरोपी ने उससे उसके क्रेडिट कार्ड की जानकारी प्राप्त करके कार्ड से एक लाख 20 रुपये तथा सेविंग अकाउंट से 80 हजार रुपये निकाल लिए थे। पैसा ट्रांसफर होते वह बैंक पहुंचा, जहां ब्रांच ने उसका कार्ड ब्लॉक कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।