सड़क हादसे में लोगों की मदद कर रहे पुलिस और एक राहगीर की कार पर वॉल्वो बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के दौरान पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने खदान में कूदकर जान बचाई, जबकि बस में सवार 15 यात्री चोटिल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि बस पहले दोनों गाड़ियों को 200 मीटर तक घसीट कर ले गई, फिर वाहनों पर ही पलट गई। इस दौरान चाय के खोखे पर खड़ा एक ऑटो चालक बस की चपेट में आया है। हादसे में ऑटो चालक की टांग टूट गई। साथ ही बस में सवार 15 जख्मी यात्रियों को उपचार के लिए शाहाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया।
शाहाबाद-अंबाला जीटी रोड पर शनिवार सुबह छह बजे के करीब नौ गजा पीर के पास अंबाला से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी तेज रफ्तार वॉल्वो बस अनियंत्रित होकर लिंक रोड पर खड़ी पुलिस की बोलेरो और एक अन्य कार से टकरा गई। हादसा होने के बाद बस यात्रियों की चीख पुकार से मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और हेल्पर्स की टीम ने बस के अंदर फंसे सभी यात्रियों को परिचालक साइड के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। वाल्वो बस में करीब 45 यात्री सवार थे, जिनमें से 15 यात्रियों को चोटें आईं हैं। घायलों में होशियारपुर निवासी करनैल सिंह, हरजिंद्र कौर, लखविंद्र सिंह और संगरूर निवासी रविंद्र सिंह शामिल थे। यात्रियों ने बताया कि हादसे के समय बस का चालक चाय पी रहा था और बस जैसे ही अनियंत्रित होकर पुलिस स्कार्पियो व कार से टकराई तो बस के पलटने से पहले ही चालक वाहन से कूदकर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस तरह तेज गति से बस जीटी रोड से लिंक रोड पर उतरी थी, अगर वहां खड़े पुलिस कर्मचारी और लोग खदानों में न कूदते तो कई लोगों की जान जा सकती थी।
अन्य हादसे में मदद के लिए पहुंचे थे, खुद बस की चपेट में आने से बाल-बाल बचे
पुलिस कर्मचारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि सुबह पांच बजे नौ गजा पीर के पास अंबाला की तरफ जीटी रोड पर कार और ट्रक की टक्कर हो गई थी। हादसे में ट्रक कार को टक्कर मारने के बाद डिवाइडर पर जा चढ़ा। सूचना मिलने के बाद पुलिस के चार जवान बोलेरो गाड़ी में सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचे। यहां एक अन्य राहगीर ने अपनी कार को लिंक रोड पर लगाकर हादसे में घायल लोगों की मदद शुरू कर दी। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजकर पुलिस कर्मचारी व अन्य कार के तीन व्यक्ति अपने वाहनों के पास पहुंचे ही थे कि इसी बीच अंबाला की तरफ से वॉल्वो बस को तेज गति से आते देख सभी के होश उड़ गए। यहां पुलिस कर्मचारी ने बस चालक को टार्च भी दिखाई, लेकिन बेकाबू वॉल्वो बस जीटी रोड से लिंक रोड पर उतर आई। यहां उपस्थित पुलिस कर्मी और राहगीरों ने खदानों में कूदकर जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तेज रफ्तार बस दोनों कार को घसीटते हुए 200 मीटर आगे ले गई और फिर इन दोनों वाहनों पर पलट गई।
भयभीत हो गए थे बस यात्री
इस हादसे के बाद बस में सवार सभी यात्री भयभीत हो गए थे। वहीं जिस तरह से बस अनियंत्रित हुई और अन्य वाहनों पर जा पलटी तो लोगों को लग रहा था कि यह बड़ा सड़क हादसा है। इसमें काफी जानमाल का नुकसान होगा। इसलिए मददगारों की टीम व पुलिस सहित कई एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन जब एक-एक कर सभी यात्रियों को सही सलामत बाहर निकाला गया तो सभी ने राहत की सांस ली और भगवान का शुक्रिया अदा किया। हालांकि यात्रियों को छुटपुट चोटें आई हैं।
बाक्स
कुछ देर पहले दोनों कारों में थे सवार
अनियंत्रित बस ने जिन दोनों वाहनों को टक्कर मारी, उन वाहनों से कुछ ही देर पहले यह लोग नीचे उतरे थे। कार में चंडीगढ़ वासी हरीश कुमार, हिमांशु व आयुष शर्मा सवार थे। हरीश कुमार ने बताया कि वह चंडीगढ़ से गुरुग्राम के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में सड़क हादसे के घायलों की मदद के लिए रुक गए। अगर वह कार से नीचे न उतरते तो शायद उनके साथ बड़ा हादसा हो सकता था। इसी तरह पुलिस की बोलरो में एएसआई जयपाल, भूपेंद्र, अमरदीप कुछ देर पहले नीचे उतरे थे।