कुरुक्षेत्र। श्री ब्राह्मण एवं तीर्थोद्धार सभा द्वारा वामन द्वादशी मेले का आयोजन 14 व 15 सितंबर को किया जाएगा। इस मेले की तैयारियों को लेकर रविवार को रेणुका सदन में सभा के प्रधान श्याम सुंदर तिवारी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। सभा के मुख्य सलाहकार जयनारायण शर्मा और प्रधान महासचिव रामपाल शर्मा ने बताया कि वामन द्वादशी मेला हर साल की तरह कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और नगर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं की ओर से मनाया जाएगा। 15 सितंबर को दोपहर दो बजे वामन भगवान की शोभायात्रा बैंड बाजों और झांकियों के साथ दुख भंजन महादेव मंदिर से आरंभ होगी, जोकि नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई सायं को सन्निहित सरोवर पर संपन्न होगी। इसके पश्चात वामन भगवान को नौका विहार करवाया जाएगा और आरती होगी।
उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 14 व 15 सितंबर को सभा द्वारा सन्निहित सरोवर पर सूर्य नारायण मंदिर के सामने वामन पुराण की कथा आयोजित की जाएगी। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध कथावाचक शुकदेवाचार्य व्यासपीठ से अमृत वर्षा करेंगे। 14 सितंबर को ही सन्निहित सरोवर पर कुश्ती दंगल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध पहलवान हिस्सा लेंगे। इसके अलावा स्कूली विद्यार्थियों द्वारा रंगोली और पेंटिंग बनाई जाएगी।