हरियाणा के कुरुक्षेत्र में श्री देवी कूप मां भद्रकाली मंदिर में भाजपा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह पूजा अर्चना करने के लिए पहुंचे। इस दौरान उन्होंने चुनाव में विजय के लिए श्री देवीकूप पर कमल के फूल पर विराजमान मां सती के दाएं टखने का विधिवत मंत्रोच्चारण के साथ पूजन किया।
विज्ञापन
पानपात्र पर गुलाब रख कर पुष्पांजलि अर्पित की और श्री देवीकूप की परिक्रमा करके अपने उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की विजय कामना के लिए शक्ति त्रिशूल पर मन्नत सूत्र मौली बांधी। इसके बाद मुख्य भवन में मां भद्रकाली का षोडशोपचार पूजन व पंचामृत अर्पण किया।
उन्होंने पंचदीप पात्र से मां की आरती कर साष्टांग प्रणाम किया। पीठाध्यक्ष सतपाल शर्मा ने उन्हें मां की लाल चुनरी, तिलक, माल्यार्पण, मां भद्रकाली जी का चित्र व प्रसाद आशीर्वाद स्वरूप दिया। वहीं सेवक मंडल के सभी सदस्यों ने उनकी मंगल कामना की प्रार्थना की। इस दौरान अध्यक्ष के साथ उनके पारिवारिक सदस्य व अभिषेक सिंह भी थे।
विज्ञापन
स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि वे शक्तिपीठ में पांचवीं बार दर्शन करने आए हैं और उन्होंने हर बार जो भी मा से मांगा, वो हर बार प्राप्त हुआ है। उन्हें यहां मां के दरबार में बैठ कर अपार शांति व आनंद की अनुभूति होती है। उन्होंने बताया कि उन्हें शक्तिपीठ आने की प्रेरणा भगवान श्री कृष्ण से मिलती है, क्योंकि वे भी धर्मयुद्ध महाभारत से पूर्व पांडवों सहित मां के दरबार में पूजा-अर्चना करने पहुंचे थे।
पीठाध्यक्ष ने बताया कि आगामी गुप्त नवरात्रों में भी दो से 10 फरवरी तक अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मां की ज्योति प्रज्ज्वलित करेंगे। इस मौके पर मंदिर स्वागत समिति की तरफ से शिमला देवी, देवेंद्र गर्ग , रामपाल लाठर, संजीव मित्तल मौजूद रहे। भाजपा यूपी अध्यच ने मंदिर विजिटर बुक में भी अपने भावों को अभिव्यक्त किया और मंदिर में पूजा व्यवस्था की प्रशंसा की।