भाकियू का सरकार को अल्टीमेटम: कहा- शाम तक गेहूं पर वैल्यू कट का फैसला लें वापस, वीडियो की जारी
Wed, 12 Apr 2023 01:31 PM IST
नवीन दलाल
संवाद न्यूज एजेंसी, कुरुक्षेत्र (हरियाणा)
सार
भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने वीडियो जारी कर एलान किया है कि सरकार गेहूं की फसल पर वैल्यू कट का फैसला वापस लें। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही दोहरी मार झेल रहा है, ऊपर से ऐसे सरकारी फरमानों से किसान और टूट जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन ने गेहूं की फसल पर वैल्यू कट को वापस लिए जाने या फिर अन्य तरीके से किसानों को राहत देने को लेकर सरकार को शाम तक का अल्टीमेटम दिया है। भाकियू प्रदेशाध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी ने वीडियो जारी कर एलान किया है कि शाम तक सरकार कोई कदम नहीं उठाती तो कल वीरवार से मंडियों के बाहर आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा और सड़कें जाम कर दी जाएंगी।
विज्ञापन
सरकार ने स्थिति स्पष्ट नहीं की तो कल से मंडियों के बाहर लगाएंगें जाम
उन्होंने कहा कि किसान पहले ही दोहरी मार झेल रहा है, ऊपर से ऐसे सरकारी फरमानों से किसान और टूट जाएगा। उन्होंने कहा कि बेशक प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू करने का फैसला लिया था, लेकिन धरातल पर अभी तक खरीद शुरू नहीं हुई है। उन्होंने वीडियो में किसानों को 13 अप्रैल सुबह से ही कमर कसने का आह्वान किया हैं।
विपक्ष लगातार सरकार से किसानों को मुआवजा देने की बात कह रहा
चढूनी ने कहा कि प्रदेश में कुछ दिनों पहले भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई थी, जिस कारण गेहूं की फसल काफी बर्बाद हो गई है। फसल खराब होने से किसानो को भारी नुकसान हुआ है। इससे अब किसानों को आर्थिक तौर से भी काफी परेशानियों को सामना करना पड़ेगा। किसानों की फसल खराब होने का मुद्दा हरियाणा और पंजाब दोनों विधानसभा में उठा था। विपक्ष लगातार सरकार से किसानों को मुआवजा देने की बात कह रहा है।
विज्ञापन
जानकारी पोर्टल पर डाल दें
सरकार ने भी किसानों की समस्या समाधान करने का आश्वासन दिया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा था कि किसानों का जो भी नुकसान हुआ है, उसकी जानकारी वह पोर्टल पर डाल दें, ताकि उन्हें मुआवजा दिया जा सके। उन्होंने कहा कि एक ओर गेहूं की खरीद सही रूप से नहीं हो रही वहीं अब वैल्यू कट के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जो किसी भी स्तर पर सहन नहीं किए जा सकते। इससे व्यापारियों व किसानों में कड़ा रोष है।