इस्माईलाबाद। खेतों में लगे ट्रांसफार्मर चोरों के निशाने पर हैं। सर्दी का फायदा उठाते हुए चोर ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। गांव ठसका अली से दो किसानों के खेतों से बिजली के ट्रांसफार्मर चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली निगम के एसडीओ गुरदीप सिंह ने पुलिस को सौंपी शिकायत में बताया कि 28 जनवरी की रात को चोरों नेे गांव ठसका अली से दर्शन सिंह व नोनिहाल सिंह के खेत से दो ट्रांसफार्मर चोरी कर लिए। ट्रांसफार्मर चोरी होने से निगम को करीब 81 हजार 400 रुपये का नुकसान हुआ है। थाना प्रभारी जगदीश चंद ने बताया कि अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसआई दलेर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। संवाद