कुरुक्षेत्र। तीन महीने पहले 51 ग्राम स्मैक के साथ पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो सप्लायरों को काबू किया है। पुलिस ने सप्लायर सुमित उर्फ संदीप उर्फ दीप चंद वासी गांव जयपुर थाना जठलाना (यमुनानगर) व देवेंद्र उर्फ गिंदर वासी डेरा पक्का खेड़ा थाना असंध (करनाल) को अदालत के आदेश पर कारागार भेज दिया है।
एंटी नारकोटिक्स सेल के प्रभारी जगबीर सिंह ने बताया कि 23 दिसंबर को एएनसी की टीम ने गुप्त सूचना पर थानेसर के दीदार नगर आरे वाली गली निवासी राजू को नाकाबंदी के दौरान काबू किया था। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 51 ग्राम स्मैक बरामद हुई थी। आरोपी के विरुद्ध थाना केयूके में नशीली वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। पूछताछ में आरोपी कबूल किया कि यह स्मैक उसने कमलजीत कौर से खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी महिला कंवलजीत कौर से पूछताछ की, उसने बताया कि यह स्मैक उसने कर्मजीत कौर उर्फ माता से खरीदी थी। आरोपी महिला की पहचान पर पुलिस ने 25 दिसंबर को सप्लायर कर्मजीत कौर उर्फ माता को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से जेल भेज दिया था। अब उसकी निशानदेही पर पुलिस ने दो आरोपी सुमित उर्फ संदीप उर्फ दीप चंद और देवेंद्र उर्फ गिंदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया है।