संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। अंबाला-हिसार हाईवे पर इस्माईलाबाद बाईपास के निकट हुए सड़क हादसे में ऑटो चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि 17 लोग जख्मी हो गए। इनमें से छह वर्षीय बच्चे सहित 10 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में पहुंचाया गया। इनमें से तीन घायलों को पीजीआई चंडीगढ़, चार को एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र और अन्य घायलों को जिला अस्पताल अंबाला में दाखिल किया गया। सात लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
हादसा सुबह पौने 11 बजे अंबाला-हिसार हाईवे पर डेहा बस्ती इस्माईलाबाद के निकट हुआ। मृतक की शिनाख्त इस्माईलाबाद निवासी ऑटो चालक 48 वर्षीय सूरजभान और गांव मलिकपुर निवासी 50 वर्षीय प्रेमचंद के रूप में हुई है। गांव मलिकपुर निवासी सुमन ने बताया कि बच्चों सहित एक ही परिवार के सभी सदस्य उसकी ननद की ससुराल अंबाला के गांव जनसूई में रस्म क्रिया पर जा रहे थे। इनमें कमलेश, सुनीता, प्रेमचंद, राजन, रजनी, लक्ष्मी, तनवी, रानी, पालो देवी, योगेश, कीर्ति, किंजल, बीरभान व रानी शामिल थे।
उन्होंने इस्माईलाबाद निवासी सूरजभान का ऑटो किराए पर किया था। अंबाला-हिसार हाईवे पर इस्माईलाबाद पुल के पास अंबाला की ओर जा रही क्रूजर कार ऑटो को क्रॉस कर रही थी। इसी दौरान एक अन्य वाहन आ गया, जिससे कार ऑटो में जा टकराई। टक्कर लगने से ऑटो पलट गया। गंभीर चोटें आने से चालक सूरजभान व प्रेम चंद की मौत हो गई, जबकि ऑटो में सवार लक्ष्मी, तन्वी व वीरभान को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे में घायल लोगों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। बताया कि कार में सवार एक बच्चे सहित महिला व पुरुष को भी चोटें आई हैं। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर जांच कर रही है।