लोहे की रॉड व तलवार से हमला करने के मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार व लोहे रॉड बरामद की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि एक जनवरी को नरेंद्र कुमार वासी स्टेशन माजरी ने थाना शाहाबाद पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि 31 दिसंबर को वह अपने घर पर था।
इसी दौरान रात करीब 8 बजे मित्ती ने उसे फोन गालियां देते हुए जिंदल पार्क जीटी रोड के पास मिलने के लिए बुलाया था। जब वह जिंदल पार्क के पास पंहुचा तो मित्ती ने अपने दोस्त टाणी के साथ मिलकर उसके साथ दोबारा गाली गलौज की थी। बात बिगड़ती देख वह वापस अपने घर की ओर आने लगा तो मित्ती ने पीछे से आकर उसके सिर पर लोहे की रॉड मार दी तथा टाणी ने तलवार से हमला करके घायल कर दिया। झगड़े का शोर सुनकर लोग इकट्ठा होने लगे तो दोनों आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए थे। बयान पर पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच करते हुए दोनों आरोपी अमित उर्फ मित्ती व नीरज उर्फ टाणी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तलवार व लोहे की रॉड बरामद करके आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।