कुरुक्षेत्र। नेेशनल हाईवे-44 पर पिपली चिड़ियाघर के पास सुबह 11 बजे एक ट्रक बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर लगने के खंभा टूट गया और बिजली की हाई वोल्टेज तार भी टूटकर सड़क पर गिर गए। दुर्घटना के बाद ट्रक भी हाईवे के बीचोंबीच पलट गया। तार टूटने के कारण नेशनल हाईवे पर पानीपत तक भारी जाम लग गया। हालांकि मौके पर पहुंची पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। इसके लिए रूट डायवर्ट किया, लेकिन इसके बावजूद भी आधी रात तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
ट्रैफिक पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सतर्कता के साथ ट्रक को क्रेन की मदद से साइड किया, मगर सड़क पर गिरे हाईवोल्टेज तारों के कारण वाहनों को आगे नहीं जाने दिया गया। इसके लिए जिले की पुलिस ने कई जगह पर रूट डायवर्ट करके स्थिति को संभाला, मगर वाहन कच्चे रास्ते से होकर जाने लगे तो कई जगह पर जाम लग गया।
यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए पिपली पुल के नीचे पुलिस की ओर से बैरिकेड लगा दिए गए। यहां से अंबाला जाने वाले रास्ते को पुलिस ने बंद कर दिया। यहां अंबाला जाने वाले वाहनों को लाडवा की ओर डायवर्ट किया गया। इसी तरह अंबाला से दिल्ली जाने वाले वाहनों को शाहाबाद से डायवर्ट किया गया। वहीं तार टूटने के कारण जीटी रोड एनएच-44 पर लगी स्ट्रीट लाइट्स भी ठप हो गईं। उधर, बिजली के तार टूटने से शहर के कई इलाकों सहित पिपली की बिजली गुल हो गई, जिसे ठीक करने के लिए बिजली निगम पिपली की टीम ने काम शुरू किया। वहीं हादसे में घायल ट्रक सवार प्रभजीत सिंह (36) और गुरप्रीत सिंह (40) निवासी नवा शहर लुधियाना (पंजाब) को एंबुलेंस की मदद से एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां दोनों का इलाज चल रहा है।
थाना सदर प्रभारी मलकीत सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि पिपली चिड़ियाघर के पास ट्रक की टक्कर लगने से बिजली खंभा टूट गया है, जिससे बिजली की हाईवोल्टेज तार हाईवे पर पड़ी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रक को साइड में हटाया गया। वहीं घायल चालक को एलएनजेपी दाखिल कराया गया है। पुलिस ने बिजली निगम के एसडीओ की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं लगा है, उसके बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
पिपली सहित कई सेक्टरों में बिजली गुल
बिजली का खंभा टूटने से शहर सहित कई सेक्टरों की बत्ती गुल हो गई। इससे सेक्टर-तीन, पांच, सात, सेक्टर-30 सहित पिपली में कई घंटे तक बिजली गुल रही। बिजली गुल होने से लोग परेशान हो गए। सूचना मिलते ही पिपली बिजली निगम की टीम मौके पर पहुंची तथा नया खंभा लगाने की कवायद शुरू कर दी। इस कार्य के लिए निगम ने चार घंटे तक परमिट लिया।
हाईवे पर लगा जाम
हाईवे पर गिरी हाईवोल्टेज तारों के कारण हाईवे, पिपली पुल के नीचे सहित कई जगह पर जाम लग गया। इससे पानीपत तक यातायात प्रभावित रहा। गंतव्य की ओर जाने वाले वाहन कच्चे रास्ते से होकर गुजरने लगे, जिससे कई जगह जाम लग गया। वहीं को पिपली, उमरी, शाहाबाद की तरफ से रूट को डायवर्ट करना पड़ा।