संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिपली-थर्डगेट मार्ग पर लघु सचिवालय प्वाइंट की ट्रैफिक लाइट दुरुस्त कराकर नगर परिषद ने अपने काम की इतिश्री कर ली। वहीं इस मार्ग पर अन्य ट्रैफिक लाइट की बत्ती अभी भी गुल है। नए बस अड्डे के पास इन ट्रैफिक लाइट से होकर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी अपने सरकारी आवास और लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय पहुंचते हैं, जबकि नगर पालिका का अन्य ट्रैफिक लाइट्स की ओर कोई ध्यान नहीं है।
इस मार्ग पर तीन जगह लघु सचिवालय, सेक्टर-दो और बीएसएनएल एक्सचेंज टी-प्वाइंट पर ट्रैफिक लाइट लगी हैं। इसमें सिर्फ लघु सचिवालय टी प्वाइंट पर ही ट्रैफिक लाइट काम कर रही है। अन्य दोनों जगह पर सिर्फ पोल लगे और लाइट बंद पड़ी है। वहीं चौक चौराहे पर लगे ब्लिंकर बंद पड़े है तो कई जगह से ब्लिंकर के पोल ही उखाड़ दिए गए हैं। शहर की लाइफ लाइन मानी जाने वाली इस सड़क से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं, मगर फिर भी ट्रैफिक को नियंत्रित करने वाली लाइट व्यवस्था ठप है।
बीएसएनएल एक्सचेंज टी-प्वाइंट के पास लगे एक पोल से तो लाइट ही गायब है। अन्य दो पर लगी लाइटें पिछले चार-पांच वर्षों से बंद पड़ी हैं। वीरवार को इन लाइट से करीब 150 मीटर की दूरी पर ही एक बाइक चालक को रोडवेज की बस ने कुचल दिया था। आसपास के दुकानदारों का कहना है कि पिछले चार-पांच साल से यह लाइट बंद पड़ी हैं। इस कारण यहां रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं।
सेक्टर दो टी प्वाइंट की लाइट बंद हुए सात साल से भी ज्यादा का समय गुजर गया है। यहां लगे पोल पर विज्ञापन के बोर्ड लगे ृहैं। वहीं सड़क के किनारे पर पोल के साथ ही रेहड़ी को चेन से बांधा गया है। ट्रैफिक लाइट की दिशा बदल गई है। यहां लगे ब्लिंकर भी बंद पड़े हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि लगने के एक-दो महीने बाद ही लाइट बंद पड़ गई थी।
पिपली-थर्डगेट मार्ग पर 13 चौक है। इनमें से सिर्फ दो चौक ताऊ देवीलाल और आंबेडकर चौक पर ही ब्लिंकर लगे हैं। ये ब्लिंकर भी पिछले काफी समय से बंद पड़े हैं। इसके अलावा सड़क पर कई जगह कट, दोराहे, तिराहे और चौराहे हैं। इन जगह से पोल ही उखाड़ दिए गए हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्र को ध्यान में रखकर ब्लिंकर लगाए जाते हैं ताकि वाहन चालक सतर्क रहे।
जल्द ठीक कराई जाएंगी लाइट : बलबीर रोहिल्ला
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी बलबीर रोहिल्ला ने बताया कि ट्रैफिक लाइटों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए जल्द ही बजट निर्धारित होगा। उसके बाद इन लाइटों को दुरुस्त कराया जाएगा।
सेक्टर दो के टी प्वाइंट से गुजरते वाहन। संवाद- फोटो : Kurukshetra