संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। नेशनल हाईवे-44 के सेक्टर दो और उमरी टी प्वाइंट पर पिछले डेढ़ साल से ट्रैफिक लाइटें बंद पड़ी हैं, जिस कारण यातायात अव्यवस्थित हो रहा है। वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इन दोनों टी प्वाइंट से रोजाना हजारों वाहन गुजरते हैं। लाइटें खराब होने के कारण एक-दूसरे से पहले चौक क्रॉस करने की होड़ लगी रहती है।
आपाधापी में कई बार वाहन आपस में टकरा भी जाते हैं। वहीं पिहोवा में मेन चौक पर लगी लाइट भी बंद पड़ी है। इस कारण वीरवार सुबह को मेन चौक पर निजी बस की टक्कर लगने से बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई थी। महिला अपने अपने सहकर्मी के साथ बाइक पर स्कूल की ओर जा रही थी। इसी दौरान चौक से घूम कर आए निजी बस चालक ने बाइक को टक्कर मार दी थी।
आसपास के दुकानदारों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले एनएच-44 के दोनों ओर टी-प्वाइंट पर ट्रैफिक लाइटें लगाई गई थी, मगर एक महीना के बाद ही ये बंद पड़ गई थी। उसके बाद किसी भी ने इनकी ओर ध्यान नहीं दिया। उमरी टीप्वाइंट पर लगी लाइट टूट गई है। उमरी की ओर जाने वाले रास्ते पर लगी लाइट एक तार के सहारे पोल पर लटक रही है, जो कभी भी नीचे गिर सकती है। वहीं पुल के नीचे लगे बलिंकर और लाइटें भी पोल पर लटक चुकी हैं। इन लाइटों के शीशे भी टूटे हुए हैं और बल्ब भी गायब हैं।
वहीं हाईवे से सेक्टर दो की ओर जाने वाली सड़क पर लगा ट्रैफिक लाइट का पोल पीछे तरफ झुका हुआ है। ये पोल सेंट्रल वर्ज पर लगे सांकेतिक बोर्ड के सहारे टिका हुआ है। कभी भी यह पोल गिर सकता है, जिससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता है। ट्रैफिक को व्यवस्थित करने के लिए लगाए गए पोल सिर्फ विज्ञापन बोर्ड लगाने के काम आ रहे हैं। लाइटों की व्यवस्था न होने से यातायात को नियंत्रित करने के लिए कोई भी पुलिसकर्मी यहां तैनात नहीं है। वहीं उमरी टीप्वाइंट के पास सड़कों पर अवैध रूप से खड़े वाहन भी चालकों के लिए परेशानी बन रहे हैं।
सड़क सुरक्षा बैठक में सिर्फ दावे : रवि
शहरवासी रवि ने बताया कि जिला प्रशासन की सड़क सुरक्षा बैठक में हर बार नियमों को लागू करने के निर्देश जारी किए जाते हैं, मगर उन निर्देश पर कितना अमल किया जाता है। ट्रैफिक व्यवस्था को देखकर इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। डेढ़ साल से बंद पड़ी लाइटों को चलाना तो दूर उन्हें दुरुस्त भी नहीं किया गया।
जल्द ठीक करवाई जाएंगी लाइट : मुकुल कुमार
उपायुक्त मुकुल कुमार ने बताया कि जल्द ही दोनों टी प्वाइंट और पिहोवा में मेन चौक पर लगी लाइटों को ठीक कराया जाएगा। वे संबंधित विभाग से बातचीत करेंगे और लाइटों को दुरुस्त कराया जाएगा।
सेक्टर-दो के टी प्वाइंट पर बंद ट्रैफिक लाइट और गलत तरीके से गुजरते वाहन। संवाद- फोटो : Kurukshetra
उमरी टी-प्वाइंट पर ट्रैफिक लाइट बंद होने से अव्यवस्थित तरीके से गुजरते वाहन। संवाद- फोटो : Kurukshetra
पिहोवा की मुख्य चौक पर ठप ट्रैफिक लाइट। संवाद- फोटो : Kurukshetra