कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पंजाबी विभाग में शनिवार को में रूबरू कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्यातिथि पंजाबी कहानीकार गुरमीत पनाग ने जिंदगी में आने वाली मुसीबतों का वर्णन करते हुए कहा कि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता, इसमें तब्दीली आनी प्राकृतिक नियम है।
उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति जिंदगी की इन मुश्किलों और मुसीबतों के आगे हिम्मत नहीं हारता और दृढ़ संकल्प से मेहनत करता है, वह जिंदगी में सफलता जरूर हासिल करता है। उन्होंने बताया कि मुर्गाबीयां कहानी संग्रह लिखने से पहले उन्होंने भी अपने जीवन में बहुत सारे उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन जीवनसाथी के साथ से मुश्किलों का सामना करने का हौसला हमेशा मिलता रहा।
विभाग के अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह ने गुरमीत पनाग का स्वागत करते हुए कहा कि वे कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के पंजाबी विभाग में बेशक पहली बार आए हैं, लेकिन उनके इस साहित्यिक मिलाप से विभाग के विद्यार्थी बहुत कुछ ग्रहण करेंगे। इस मौके पर विभाग की सहायक प्रो. डॉ. जसवीर कौर, डॉ. हलविंदर सिंह सहित शोधार्थी और विद्यार्थी मौजूद रहे।