संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पुलिस ने भ्रूण लिंग जांच मामले की आरोपी महिला एजेंट सुखविंद्र कौर व बबीत वासी झांसा की निशानदेही पर एक महिला सहित तीन आरोपियों को यूपी से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दीपिका उर्फ दीपा वासी राधा विहार सहारनपुर, श्रवण कुमार वासी शीतलपुर शामली व सुमित वासी गंगोह (यूपी) को अदालत में पेश करके तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि नौ मई को सीएचसी बाबैन के दंत चिकित्सक डॉ. ऋषि ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि जिला स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि झांसा की रहने वाली सुखविंद्र कौर हरियाणा के साथ लगते राज्यों में भ्रूण लिंग जांच कराती है। सुखविंद्र कौर के साथ 32 हजार रुपये में बात तय होने पर टीम ने डिकोय (फर्जी ग्राहक) को सुखविंद्र कौर के पास दिया था। डिकाय ने तय समय पर मौके पर पहुंच दलाल को 32 हजार रुपये दिए थे।
सुखविंद्र कौर व एक अन्य महिला बबीता डिकोय को जांच कराने के लिए गाड़ी से कलानौर से आगे यूपी टोल प्लाजा ले गई थी। यहां से दलाल ने एक व्यक्ति को फोन करके बुलाया और डिकोय को उसके साथ भेज दिया था। इस व्यक्ति ने एक घर में डिकोय का पोर्टेबल मशीन से अल्ट्रासाउंड करने के बाद वापिस उसी स्थान पर छोड़ दिया था।
यहां से तीनों कार में बैठकर कुरुक्षेत्र की तरफ चल दिए, जिन्हें टीम की सूचना पर पुलिस ने सलपानी चौक से काबू कर लिया था। पुलिस ने पीएनडीटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी सुखविंद्र कौर व बबीता को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी महिलाओं को अदालत के आदेश से दो दिन के रिमांड पर लिया गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग दीपिका के साथ मिलकर काम करती थी, जो महिला को अपनी स्कूटी पर बिठाकर श्रवण कुमार व सुमित के पास जाकर भ्रूण के लिंग की जांच करके लड़का या लड़की बता देते थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करके अदालत के आदेश से तीन दिन के रिमांड पर लिया है। आगे की जांच जारी है।