संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिछले सप्ताह निजी कंपनी कर्मी से हथियार के बल पर सवा लाख रुपये लूटने के मामले में कार्रवाई करते हुए सीआईए-2 की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कर्मी कंपनी की तरफ से विभिन्न गांव से करीब दो लाख रुपये एकत्रित करके कुरुक्षेत्र की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को टक्कर मारकर उसे असलहा दिखाकर बैग छीन लिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक व 90 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी धीरज कुमार उर्फ मंगू, भवानी सिंह उर्फ गुल्लू व जसबीर उर्फ बोना वासी कठवा को अदालत में पेश करके जेल भेज दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि चार जनवरी को कमलेश वासी पिंगली चौक गुरु नानक पुरा करनाल ने थाना शाहाबाद पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीन जनवरी को वह कई गावों से अपनी कंपनी के पैसों एकत्रित करके कुरुक्षेत्र जा रहा था। उसके पास बैग में कंपनी के करीब दो लाख रुपये थे।
रात करीब साढ़े आठ बजे जब वह तंगौर और कठुआ के बीच पहुंचा तो पीछे से एक बाइक सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी थी, जिससे वह बाइक सहित खेत में गिर गया था। जब तक वह कुछ समझता एक युवक ने उसे असलहा दिखाकर रुपयों से भरा बैग छीन लिया था। डर के मारे वह खेतों में भाग गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस बाइक के पास पहुंचा तो सड़क पर कागज बिखरे हुए थे तथा उसका बैग पड़ा हुआ था। बैग की जांच की तो उसमें 74700 रुपये पड़े थे।
आरोपी सवा लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच सीआईए-2 को सौंपी गई थी। सीआईए-2 की टीम ने मामले की जांच करते हुए 8 जनवरी को आरोपी धीरज कुमार, भवानी सिंह व जसबीर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक व 90 हजार रुपये बरामद करके अदालत के आदेश से जेल भेज दिया है।