समालखा। थाना पुलिस समालखा ने जौरासी खालसा गांव में शादी समारोह में हर्ष फायरिंग के बाद लोगों के भागने पर युवक को चोट लगने मामले में तीसरे आरोपी को शुक्रवार शाम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान हिसार के मिर्चपुर गांव निवासी सतीश के रूप में हुई है। आरोपी से लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है।
समालखा प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पूछताछ में आरोपी सतीश ने पुलिस को बताया कि उसके पास लाइसेंसी बंदूक है। वह फतेहगढ़ छाना निवासी तकदीर के पास सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करता है। जहां तकदीर के दोस्त श्यामलो गांव निवासी शिवम के साथ उसकी भी जान पहचान हो गई। बीते फरवरी माह में शिवम अपने किसी दोस्त की शादी में हथियार के साथ फोटो खिंचवाने की बात बोलकर उससे बंदूक ले गया था। शादी के बाद दस फरवरी को शिवम तकदीर के घर आकर उसे बंदूक दे गया था। बाद में तकदीर के घर पुलिस आई। इसके बाद उसे पता लगा कि शिवम ने शादी में बंदूक से अपने दोस्तों से फायर कराया है। पुलिस ने आरोपी सतीश के कब्जे से हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया। थाना समालखा में जौरासी खालसा गांव निवासी अजय वर्मा ने बताया था कि गांव में सत्यनारायण के घर लड़की की शादी थी। सोनीपत के चिड़ाना गांव से बारात आई थी। उसका बेटा कमल गांव में बुआ के घर जा रहा था। चौपाल के पास बाराती नाच रहे थे। जिनमें से एक युवक ने दहशत फैलाने के लिए गोली चलाई जो चौपाल में बाथरूम पर रखी पानी टंकी में लगी। गोली चलते ही लोग भागने लगे तो उनका बेटा कमल गिर गया और पैर में चोट लगी। जिसको इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में दाखिल कराया।