पिपली कस्बा के लोगों को सीवरेज पाइप लाइन की सौगात देने के प्रोजेक्ट को तैयार किया जा रहा है। कस्बे के प्रत्येक मोहल्ले और गली में सीवरेज पाइप लाइन डालने के लिए अनुमानित लागत तैयार करने के आदेश जन स्वास्थय विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। अहम पहलू यह है कि पिपली से नए बस स्टैंड तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा होने से पहले सीवरेज पाइप लाइन डालने का टेंडर जारी कर दिया गया है। इस प्रोजेक्ट पर एक करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह जानकारी विधायक सुभाष सुधा ने दी।
वे शुक्रवार को देर सायं सर्किट हाउस में सीवरेज पाइप लाइन को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। विधायक ने कहा कि पिपली कस्बा थानेसर शहर का एक अहम हिस्सा है। इस कस्बे को नगर परिषद की सीमा में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है और राज्य सरकार की मोहर लगते ही इस कस्बे को नप की सीमा में शामिल कर लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के समक्ष सीवरेज पाइप लाइन बिछाने की मांग को रखा गया और मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट पर अपनी मोहर लगा दी है। जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता दिनेश गाबा और उनकी पूरी टीम ने इस पाइप लाइन के एस्टीमेट को लगभग तैयार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट से पहले पिपली गीता द्वार से लेकर नए बस स्टैंड एसटीपी तक सीवरेज पाइप लाइन डालने का टेंडर जन स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी कर दिया गया है। टेंडर चार मई को खुलेगा और इस पर करीब एक करोड़ रुपये का बजट खर्च होगा।