महाशिवरात्रि पर स्थाण्वीश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करने के लिए पहुंचे व्यक्ति की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसा पैर फिसलने से हुआ। युवक को डूबता देख लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया लेकिन विफल रहे। इस प्रकार युवक की डूबने से मौत हो गई। मौके पर गोताखोर प्रगट सिंह को बुलाया गया, जिनसे युवक के शव को पानी से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल भेज दिया है।
युवक के पिता गुरुनानकपुरा मोहल्ला निवासी बसंत लाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि शुभम सायं साढ़े पांच बजे घर से स्थाण्वीश्वर महादेव मंदिर में महादेव के अभिषेक के लिए गया था। वह तालाब में स्नान के लिए उतरा तो उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में डूब गया। उसके साथियों को पहले लगा कि वह बाहर आ जाएगा, मगर वह बाहर नहीं आया। इसकी सूचना गोताखोर प्रगट सिंह को दी। प्रगट सिंह ने मौके पर पहुंच कर युवक के शव को तालाब से बाहर निकाला। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भेज दिया। कृष्णा गेट थाना पुलिस प्रभारी प्रतीक कुमार ने बताया कि इस मामले में इत्तेफाकिया कार्रवाई की गई है।