The sun is restless during the day, getting relief in the evening
- फोटो : Kurukshetra
कुुरुक्षेत्र। मौसम के तेवर लगातार बदल रहे हैं। दिन में जहां तेज धूप लोगों को परेशान कर रही है वहीं शाम को चलने वाली हवा राहत दे रही है। पिछले तीन दिन में रोजाना शाम के समय हवा चलने से तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा रही है। बेशक दिन में गर्मी काफी परेशान कर रही है, लेकिन रात अभी भी ऐसी है कि बगैर एसी चलाए चैन की नींद नहीं सोया जा सकता है। हालांकि पंखा अगर पांच मिनट के लिए भी बंद कर दिया जाए तो गर्मी बेचैन कर देती है।
वीरवार को सूर्यदेव ने सुबह करीब छह बजे दर्शन दिए और तपिश का फैलाव शुरू हो गया। साढ़े 10 बजे के करीब तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया और दोपहर के तीन बजे यह 39.05 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बढ़ने से पैदल या दोपहिया वाहन पर चल रहे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। उधर जो लोग घरों में बैठे थे उन्हें बिजली के अघोषित कटों ने परेशान करके रखा। इन दिनों सबसे ज्यादा दिक्कत ग्रामीण क्षेत्र में हो रही है। बिजली के इतने अघोषित कट लग रहे हैं कि इन्वर्टर तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। ग्रामीणों को दोपहर का समय आंगन में लगे पेड़ों की छांव में बैठकर बिताना पड़ रहा है।
शहरी क्षेत्र की बात की जाए तो यहां भी दिन में बिजली के आठ दस कट तो लग ही रहे हैं, जिस कारण सरकारी व निजी कार्यालय सहित दुकानों पर कामकाज प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में अधिकतम तापमान बढ़कर फिर से 42.05 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।