कुरुक्षेत्र। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम का जिला कार्यालय। संवाद
कुरुक्षेत्र। बढ़ती गर्मी का असर बिजली आपूर्ति पर दिनोंदिन प्रभाव छोड़ता जा रहा है। इसके कारण आए दिन बिजली की खपत बढ़ रही है और ट्रांसफार्मर भी ओवरलोड होते जा रहे हैं। लोगों की ओर से गर्मी से बचाव के लिए पंखे, कूलर के साथ एसी का इस्तेमाल करने से खपत तेजी से बढ़ी है। जानकारी के अनुसार जिले में इस समय रोजाना 75 लाख यूनिट बिजली की खपत हो रही है। एक दिन पहले यानी वीरवार को खपत 76 लाख यूनिट थी। इस बार पिछले वर्ष से 15 प्रतिशत ज्यादा खपत हुई है।
लगातार खपत बढ़ने से ट्रांसफार्मर भी ओवरलोड हुए। इसको देखते हुए मार्च से मई तक 200 ओवरलोड ट्रांसफार्मर बदले गए और कइयों का लोड बढ़ाया गया। फॉल्ट से संबंधित करीब 500 शिकायतें निगम कार्यालय में पहुंच रही हैं। क्षेत्र में भीषण तपन में तेजी से बढ़ते कट भी लोगों की परेशानी का कारण बने हुए हैं। इससे बिजली खपत और अधिक होने की भी संभावना जताई जा रही है।
कहीं कट के आदेश नहीं, फॉल्ट आने पर ही जाती है बिजली : जिंदल
उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधीक्षण अभियंता मदन गोपाल जिंदल ने कहा कि आमतौर पर जिले में कहीं भी कोई कट नहीं लग रहा। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर बिजली आपूर्ति पर्याप्त रूप से जारी है। फॉल्ट आने पर कभी-कभार ही जरूरत के अनुसार कोई कट लगता है। ओवरलोड, ओवरहीट ट्रांसफार्मर पिछले तीन माह में 200 से अधिक चेंज कर दिए हैं। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से शिकायत की जा सकती है। निगम के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर समस्या का शीघ्र समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
कुरुक्षेत्र। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम का जिला कार्यालय। संवाद