संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। सफाई व्यवस्था से नाराज निवर्तमान पार्षदों ने शुक्रवार को नगर परिषद कार्यालय में धरना दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। परिषद की सफाई शाखा के सामने दरी बिछाकर बैठे पार्षदों ने कहा कि उनके वार्ड में सफाई व्यवस्था बदहाल है। कई-कई दिनों से कूड़े का उठान नहीं हो रहा और न ही नालियों से गंदगी साफ की जा रही है। पार्षदों ने आरोप लगाया है कि वार्ड वासी समस्या लेकर उनके पास आते हैं और अधिकारी पार्षदों के कहने के बावजूद भी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेते हैं।
धरने पर बैठे पार्षद अधिकारियों के आने का इंतजार करते रहे, लेकिन अधिकारी काफी समय तक नहीं आए। फोन पर बातचीत की गई तो अधिकारियों की ओर से जवाब मिला कि फील्ड में हैं। पार्षदों की ओर से चेतावनी दी गई है कि जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था का काम सुचारु रूप से शुरू नहीं हुआ तो वे कूड़ा इकट्ठा कर नगर परिषद के कार्यालय के सामने डालेंगे।
निवर्तमान पार्षद नरेंद्र शर्मा निंदी ने कहा कि पिछले कई माह से नगर परिषद की सफाई व्यवस्था काफी खराब हो चुकी है। कई बार कहने के बावजूद भी अधिकारी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। कभी वार्ड में टिप्पर नहीं आ रहे तो कभी कर्मचारी। वहीं उन्होंने बताया कि अधिकारी फोन तक नहीं उठाते हैं। नप कार्यालय में उनकी ओर से अधिकारियों को शिकायत करने के बाद वार्ड का सफाई कर्मचारी जरूर बदल दिया गया, लेकिन वह कर्मचारी भी वार्ड में दिखाई नहीं दिया।
विक्की मेहता ने कहा कि नगर परिषद के अधिकारियों की ओर से दो दिनों का समय मांगा गया है। यदि दो दिनों में सफाई के लिए टिप्पर नहीं चलाए गए व सफाई व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो वह अपनी पत्नी पार्षद अन्नू मेहता के साथ टोकरे में शहर का कूड़ा उठाकर नगर परिषद के कार्यालय में डालेंगे। इस दौरान मीनू, संतोष, मधु बाला, विजय लाला, अजय, रोहित, मनोज, रवि, अमित गाबा व बलजिंद्र आदि मौजूद रहे।
दो दिन में सुचारु होगी व्यवस्था : अरोड़ा
नगर परिषद के सचिव अजीत अरोड़ा पार्षदों से मिलने पहुंचे और पार्षदों को उनकी समस्या का जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। अजीत अरोड़ा की ओर से दो दिनों का समय मांगा गया है। आश्वासन दिया गया है कि दो दिनों के भीतर सभी वार्डों में सफाई का काम नियमित रूप से शुरू करा दिया जाएगा व टिप्पर कूड़ा उठाने घर-घर जाएंगे। अरोड़ा ने बताया कि निवर्तमान पार्षदों से बातचीत कर धरना समाप्त कराया गया है। दो दिनों के भीतर वार्डों की सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से शुरू करा दी जाएगी।