कुरुक्षेत्र। जिले में अब गर्मी अपना असर दिखाने की राह पर है। रविवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जबकि इसी सप्ताह ये 26 से भी पार होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में एक सप्ताह बाद गर्मी का एहसास होने लगेगा,वहीं इससे किसानों की चिंता भी बढ़ने लगी है।
रविवार को 10 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चली लेकिन दिन भर खिली रही तेज धूप के चलते हवाओं में ज्यादा ठंडक नहीं रही।विशेष तौर पर गेहूं की फसल पर बढ़ती गर्मी का विपरित असर पड़ सकता है। किसानों की मानें तो गर्मी बढ़ने से फसल सूखने लगेगी, जिसका असर सीधा उत्पादन पर पड़ेगा।
ऐसे में जहां किसान कृषि विशेषज्ञों से संपर्क करने लगे हैं तो वहीं विशेषज्ञ भी उन्हें बढ़ते तापमान के बीच फसल की देखरेख करने की सलाह देने लगे हैं। उनका कहना है कि अभी कुछ दिन और गेहूं की फसल को ठंडे मौसम की जरूरत है, जिसका पैदावार पर साकारात्मक असर पड़ता। गेहूं अब दाना ले रही है ओर ऐसे में कुछ ठंडक बनी रहे तो उत्पादन बढ़ने की उम्मीद होगी। कृषि विशेषज्ञ डॉ जितेंद्र मेहता का कहना है कि इसी तरह तापमान बढ़ता रहा तो किसानों को जरूर विशेषज्ञों के संपर्क में रहते हुए फसल की निगरानी रखनी होगी। अभी तापमान बढ़ने की ही संभावना है और ऐसे में उत्पादन पर असर पड़ सकता है।उधर कृषि विज्ञान केंद्र की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ ममता का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक मौसम में बदलाव की उम्मीद कम है। लगातार धूप खिली रहेगी और तापमान में गर्माहट महसूस होगी।