संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। एक तो गर्मी, ऊपर से सड़कों पर लगने वाले जाम ने लोगों को काफी परेशान किया। जिस कारण वाहन चालक और आमजन गर्मी में लगे इस जाम से आहत नजर आए। बता दें कि रविवार ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड में आम आदमी पार्टी की रैली होने के चलते शहर में जाम की स्थिति बनी रही। जिस कारण वाहन चालकों को और आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
वहीं सिरसा और मुख्यमंत्री मनोहर लाल व फतेहाबाद में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की रैली के लिए हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं का काफिला गाड़ियों में रवाना हुआ। तीनों रैलियों का समय दोपहर का होने के चलते सड़कों पर वाहनों की भरमार रही, और शहर जाम के झाम में फंसा रहा। व्यवस्था बनाने के लिए शहर में कई जगह यातायात पुलिस तैनात थी, लेकिन फिर भी कहीं न कहीं जाम व्यवस्थाओं पर भारी ही रहा।
आम आदमी पार्टी की रैली में भाग लेने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों से काफी लोग ट्रालियों में सवार होकर पहुंचे। ट्रैक्टर ट्रालियों के सड़कों पर होने से भी यातायात काफी प्रभावित रहा। पुलिस द्वारा रैली स्थल पर जाने वाले कई रास्तों पर बेरिकेडिंग भी की गई, ताकि भारी वाहन अंदर प्रवेश न कर सकें। शहरवासियों को सुबह 10 बजे से लेकर चार बजे तक जाम को झेलना पड़ा।
इन जगहों पर रही ज्यादा परेशानी
एलएनजेपी अस्पताल के पास, देवीलाल चौक, महाराणा प्रताप चौक, पुराना बस अड्डा, अर्जुन चौक, मोहन नगर चौक, झांसा रोड, पिहोवा रोड, ढांड रोड, केडीबी रोड, ब्रह्मसरोवर के आसपास का एरिया व थर्ड गेट सहित कई जगह पर दिनभर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
श्रद्धालुओं को भी उठानी पड़ी दिक्कतें
अमावस्या पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु रविवार को ब्रह्मसरोवर पर पहुंचे हैं। वहीं ब्रह्मसरोवर के पास मेला ग्राउंड में आम आदमी पार्टी की रैली में प्रदेश भर से कार्यकर्ता भी पहुंचे हुए थे। ऐसे में ब्रह्मसरोवर के आस-पास वाहनों की भीड़ जमा हो गई, जिस कारण यात्रियों की बसें भी इस जाम में फंसी रहीं। वही ब्रह्मसरोवर में भी पार्टी के कार्यकर्ता भारी संख्या में पहुंच गए।