कुरुक्षेत्र। जिला प्रशासन ने स्वच्छ सर्वेक्षण ग्रामीण (एसएसजी) 2026 में कुरुक्षेत्र को देशभर में प्रथम स्थान दिलाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने अधिकारियों को गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने और ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को हर महीने स्वच्छता कार्यों की समीक्षा करने को कहा। 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छ सर्वेक्षण सप्ताह चलेगा। इस दौरान किए गए कार्यों के आधार पर बीडीपीओ की रैंकिंग भी की जाएगी। जिले की सर्वश्रेष्ठ 10 पंचायतों को जिला प्रशासन सम्मानित करेगा। बैठक में जिला परिषद की अध्यक्ष कंवलजीत कौर, शाहाबाद एसडीएम शंभु राठी और डीडीपीओ विकास कुमार शामिल थे। अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
सर्वेक्षण के मानक और स्वच्छता प्रबंधन : स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान गांवों के विद्यालय, आंगनबाड़ी केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र और पंचायत भवन जैसे सार्वजनिक स्थलों की सफाई जांची जाएगी। अपशिष्ट प्रबंधन और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का भी आकलन होगा। इन्हीं मानकों पर जिलों को राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग दी जाएगी। उपायुक्त ने शौचालयों की स्थिति ठीक रखने, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और धूसर जल की निकासी के पुख्ता प्रबंध करने के निर्देश दिए। ग्रामीण स्तर पर सफाई समितियों की नियमित बैठकें कराकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा।