कुरुक्षेत्र। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने वीरवार को पराली जलाने की रोकथाम के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने लघु सचिवालय में फसल अवशेष प्रबंधन की बैठक में यह बात कही। उपग्रह से आगजनी की घटनाओं पर सीधी निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई किसान पराली में आग लगाता है, तो तुरंत अधिकारियों को सूचना मिलती है, जिसपर कार्रवाई होती है। एनजीटी ने राजमार्गों पर दुर्घटनाओं और आमजन के स्वास्थ्य पर प्रभाव रोकने के लिए पराली न जलाने के आदेश दिए हैं। किसानों को जागरूक करने और घटनाओं की निगरानी के लिए उप मंडल अधिकारी (नागरिक) की अध्यक्षता में एक दल बना है। इसमें तहसीलदार, खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, थाना प्रभारी और कृषि विभाग के अधिकारी शामिल हैं। सभी 417 गांवों के लिए समन्वयक अधिकारी नियुक्त हुए हैं। खंड स्तर पर भी कृषि, पुलिस और पंचायत विभाग के दल गठित हैं।