धुंध शुरू होते ही सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बनी रहती है। जिले की कई मुख्य सड़कों से सफेद पट्टी गायब है, ऐसे में हादसे और बढ़ सकते है। इसलिए लोक निर्माण विभाग, मार्केटिंग बोर्ड, नगर परिषद और हुडा के अधिकारी अपने क्षेत्रों की सड़कों पर सफेद पट्टी लगवाने का काम जल्द शुरू कर दें। ये निर्देश डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए। वे मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
इससे पहले आरटीए सचिव उर्मिल श्योकंद ने कमोदा से ढांड सड़क, हमीरा फार्म टी प्वाइंट, पिहोवा की सड़कों का निर्माण कार्य, शहीद उधम सिंह चौक, राधा स्वामी सत्संग भवन, ब्रह्मा मंदिर चौक, नई अनाज मंडी कट बीआर चौक, रामकुंडी चौक लाडवा, बस स्टैंड डीग, मथाना रोड पर रंबल स्ट्रिप्स बनाने, डिवाइडर बनाने सहित अन्य कार्यों को पूरा करने की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश पाने के लिए सभी विभागों को आपसी तालमेल के साथ काम करने की जरूरत है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे सभी ट्रैक्टर-ट्रालियों, ऑटो रिक्शा चालकों सहित अन्य वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाना सुनिश्चित करें। आरटीए विभाग ने जहां अक्तूबर में 5 प्रदूषण जांच केंद्रों को चेक किया है, वहीं कुरुक्षेत्र के सभी 85 प्रदूषण जांच केंद्रों को चेक करें। उन्होंने एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सड़कों पर किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने के आदेश भी दिए है। इस मौके पर एडीसी अखिल पिलानी, एसडीएम अनुभव मेहता, एसडीएम कपिल शर्मा, एसडीएम सोनू राम, डीडीपीओ प्रताप सिंह, डीएसपी नरेंद्र सिंह, अंडर ट्रेनिंग आईएसए जया शारदा मौजूद रहीं।