कुरुक्षेत्र।गांव ठोल के पास हाईवे पर हुई दुर्घटना में घायल लेफ्टिनेंट ब्रिकम जीत सिंह।
- फोटो : Kurukshetra
कुरुक्षेत्र/इस्माईलाबाद। गांव ठोल के निकट हाईवे पर खेल राज्यमंत्री संदीप सिंह के भाई लेफ्टिनेंट बिक्रमजीत सिंह की कार ने एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक सवार दो युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इनमें से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। मृतक की शिनाख्त अभिषेक वासी बिरला मंदिर कॉलोनी थानेेसर के रूप में हुई है। घायल युवक राहुल वासी दीवान कॉलोनी पिहोवा को शाहाबाद के आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में बिक्रमजीत सिंह को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार बिक्रमजीत सिंह अपनी कार में सवार होकर शाहाबाद की ओर जा रहे थे। जैसे गांव ठोल चौक पर वे हाईवे से गांव ठोल की ओर मुड़ने लगे तो इसी दौरान उनकी कार ने बाइक को टक्कर मार दी।
कार की टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक बाइक समेत सड़क पर गिर गए। इसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दुर्घटना में कार का शीशा टूटकर कार में आगे बैठे बिक्रमजीत सिंह के माथे में घुस गया। उन्हें गांव ठोल के निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने कांच निकाल कर टांके लगा मरहम पट्टी करके छुट्टी दे दी गई। वहीं घायल युवक राहुल को शाहाबाद के आदेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक राहुल की हालत नाजुक बनी हुई है।
कार में सवार थे छह लोग
बिक्रमजीत सिंह की कार में कुल छह लोग सवार थे। बिक्रमजीत सिंह कार चालक की साइड में बैठे हुए थे, जबकि सुरक्षाकर्मी, पीए व अन्य कार की पिछली सीट पर सवार थे। बिक्रमजीत सिंह के अलावा कार में किसी को कोई चोट नहीं आई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस्माईलाबाद थाना प्रभारी जगदीश टामक ने बताया कि गांव ठोल के पास हाईवे पर दुर्घटना होने की सूचना मिली थी। सूचना पाकर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तथा घायलों को एंबुलेंस के जरिए आदेश अस्पताल पहुंचा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं घायल युवक अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। बयान दर्ज होने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।