कुरुक्षेत्र। प्रदेश में लोगों की वोट चोरी कर जो सरकार भाजपा ने बनाई है वह जनता के साथ धोखा किया गया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से घोषणाओं के अलावा धरातल पर कोई काम नहीं किया गया है। यह कहना है जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारी जिला अध्यक्ष मेहर सिंह रामगढ़ का।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सिर्फ उड़न खटोले में घूम रहे हैं और लोगों पर नई-नई योजनाएं थोप कर परेशान किया जा रहा है। आज प्रदेश में महंगाई चरम सीमा पर है और दिन-दहाड़े लोगों पर गोलियां बरसाई जाती हैं। बहन बेटियों की इज्जत भी सुरक्षित नहीं है। कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से फेल हो चुकी है।
रामगढ़ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के राज में लोग अपने आप को सुरक्षित महसूस करते थे। आज भी प्रदेश की जनता हुड्डा के 10 साल के राज को याद करती है। उन्होंने बदमाशों को प्रदेश छोड़ने पर मजबूर कर दिया था।