संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। शाहाबाद-अंबाला जीटी रोड पर आदेश अस्पताल के नजदीक शुक्रवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बेकाबू हुआ ऑटो पलट गया, जिसमें सवार एक किशोर की मौत हो गई, जबकि अन्य घायल हो गए। घायलों का इलाज आदेश अस्पताल में चल रहा है।
मिली जानकारी अनुसार रामपाल के अनुयायीकुरुक्षेत्र में एक कार्यक्रम में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ से ट्रेन पर सवार होकर अंबाला पहुंचे थे। उन्होंने कुरुक्षेत्र जाने के लिए एक ऑटो किराए पर किया, जिसमें 10-12 लोग सवार हो गए। जब वह शाहाबाद के नजदीक आदेश अस्पताल के पास पहुंचे तो एक अज्ञात वाहन ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे वह पलट गया।
सवारियों से भरा ऑटो पलटने से मौके पर कोहराम मच गया और रोने चिल्लाने की आवाजें आने लगी। राहगीरों ने सवारियों को ऑटो से निकाला और पुलिस व हेल्पर्स संस्था की टीम को सूचित किया। हेल्पर्स की टीम एंबुलेंस सहित मौके पर पहुंची और घायलों को आदेश अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान 12 वर्षीय अरुण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि शिव चरण, राम नारायण, संतोष, संध्या, रामलाल, औंनसिया साहू व शिव पासवान घायल हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।