संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कोरोना संक्रमण की प्रकोप अब धीरे-धीरे कम होने लगा है। सरकार ने भी घटता कोरोना संक्रमण देख कक्षा पहली से नौंवी तक 10 फरवरी से शुरू करने का फैसला लिया है, लेकिन शिक्षा विभाग के अधिकारी बुधवार देर रात तक भी विद्यालय खुलने की स्थिति स्पष्ट न होने को लेकर संशय में रहे। रात आठ बजे के बाद शिक्षा विभाग ने आधिकारिक पत्र जारी किया।
विभाग के निर्देश के अनुसार शिक्षकों को सुबह नौ बजे विद्यालय पहुंचना होगा और विद्यार्थियों को सुबह नौ से दोपहर एक बजे पढ़ाया जाएगा। शिक्षकों को दोपहर ढाई बजे तक विद्यालय में रहना होगा। विद्यार्थी दोपहर का भोजन अपने घर से लेकर आएंगे। ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखी जाएगी। विद्यार्थियों को माता-पिता के अनुमति पत्र पर विद्यालय में प्रवेश मिलेगा। विद्यार्थियों की उपस्थिति को लेकर कोई बाध्यता नहीं रहेगी।
हालांकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 10 फरवरी से स्कूल खोलने बारे में ट्वीट किया और शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर बयान जारी किया था। मुख्यमंत्री ने ट्वीट के माध्यम से कहा है कि कक्षा में कोविड-19 गाइडलाइन का पालन किया जाएगा, जो अभिभावक अपने बच्चों को स्कूल भेजना चाहते हैं, वो भेज सकते हैं। साथ ही कक्षाएं ऑनलाइन भी चलती रहेंगी, लेकिन शिक्षा विभाग की ओर से बुधवार देर शाम तक भी विद्यालय खोलने की स्थिति स्पष्ट नहीं की गई थी।
इस परस्कूल संचालक, प्राचार्य और विद्यार्थी व अभिभावकों के जहन में भी संशय बना था। स्कूल संचालक सुबह से ही जिला शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास फोन करके जानकारी हासिल कर रहे थे, लेकिन स्कूल खोलने संबंधी स्थिति स्पष्ट करने में अधिकारी हिचकिचा रहे थे। उधर, जिलेभर के निजी स्कूल संचालकों ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा किए गए ट्वीट और शिक्षा मंत्री के बयान पर आज से स्कूल खोलने का फैसला लिया था। सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के बैठने से संबंधित तैयारी करने के साथ-साथ कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करते हुए परिसर और क्लास रूम को सैनिटाइज कराया गया।
आज खुलेंगे सभी स्कूल : कर्म सिंह
फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल्स के प्रधान कर्म सिंह बैंस का कहना है कि कोरोना के चलते बंद किए गए शिक्षण संस्थान के कारण बच्चों की पढ़ाई पर विपरीत प्रभाव पड़ा है। विद्यार्थी भी चाहते हैं कि वह स्कूल में पहुंचकर पढ़ाई करें। मुख्यमंत्री ने ट्वीट और शिक्षा मंत्री ने बयान जारी कर 10 फरवरी से स्कूल खोलने की जानकारी दी है। साथ ही शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र रात करीब साढ़े आठ बजे मिला। सभी निजी स्कूल संचालक कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए विद्यालय खोलेंगे।
कोरोना गाइडलाइन के तहत होगी पढ़ाई : अरुण आश्री
जिला शिक्षा अधिकारी अरुण आश्री का कहना है कि शाम तक भी विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से कोई आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुआ था, लेकिन देर शाम को आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ है। साथ की साथ सभी मुख्याध्यापक, प्राचार्य व निजी स्कूल संचालकों को पत्र जारी किया गया है। वीरवार से से कोरोना गाइडलाइन के तहत कक्षाओं में पढ़ाई होगी।