कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) में विद्यार्थी यूजी और पीजी प्रोग्राम्स में दाखिले के ऑनलाइन और ओपन डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) मोड के माध्यम में आवेदन कर सकते हैं। इसमें विद्यार्थी 30 सितंबर तक बिना विलंब शुल्क के ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। केंद्र में 19 ऑनलाइन प्रोग्राम्स कराए जा रहे हैं तो वहीं ओडीएल प्रोग्राम्स में बीए सेमेस्टर सिस्टम, बीकॉम सेमेस्टर, एमए (दो वर्षीय) हिंदी, अंग्रेजी, संस्कृत, पंजाबी, राजनीति विज्ञान, दर्शनशास्त्र, लोक प्रशासन, इतिहास और अर्थशास्त्र, एमए समाजशास्त्र सेमेस्टर, एमएससी गणित सहित 33 प्रोग्राम कराए जा रहे हैं।
केंद्र की निदेशक प्रो. मंजुला चौधरी ने बताया कि यूजी व पीजी प्रोग्राम में दाखिले के लिए विद्यार्थी ऑनलाइन और ऑनलाइन डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) में 30 सितंबर तक विभिन्न कोर्सेज में आवेदन कर सकता है। ऑनलाइन प्रोग्राम्स में दाखिले से लेकर परीक्षा परिणाम की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन आधारित है। विद्यार्थी कोर्सेज और दाखिले से संबंधित जानकारी वेबसाइट से प्राप्त कर सकते हैं।
केंद्र द्वारा कराए जा रहे ये डिप्लोमा और सर्टिफिकेट प्रोग्राम्स
प्रो. मंजुला चौधरी ने बताया कि यूजी एवं पीजी प्रोग्राम के साथ केंद्र द्वारा डिप्लोमा और सर्टिफिकेट प्रोग्राम्स भी कराए जा रहे हैं। इसमें एडवांस ग्रेजुएट डिप्लोमा इन साइबर लॉ एंड आईपीआर (एक वर्षीय) और एनवायरमेंटल एजुकेशन प्रोग्राम्स में पर्यावरण शिक्षा में एडवांस ग्रेजुएट डिप्लोमा (एक-वर्ष) तथा पर्यावरण शिक्षा में भी एमए शामिल हैं। एक वर्षीय उर्दू में सर्टिफिकेट कोर्स, एडवांस ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ह्यूमन राइट्स, एडवांस ग्रेजुएट डिप्लोमा इन ट्रांसलेशन (हिंदी और अंग्रेजी), गीता में डिप्लोमा व योग में डिप्लोमा शामिल है।