खंड के गांव टबरा में एक व्यक्ति को आवारा कुत्तों ने जिंदा नोंच डाला। इससे उसकी मौत हो गई।
वह खेतों में पशुओं के लिए चारा लेने गया था। देर शाम हड्डा रोड़ी के पास कुत्तों ने उस पर हमला कर लिया। ग्रामीण और परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। सुबह ग्रामीण का आधा नोंचा हुआ शव मिला।
खंड के गांव टबरा निवासी परमवीर सिंह ने बताया कि उसका चाचा श्रीराम पुत्र साधु राम निवासी टबरा (46) वर्ष सोमवार को खेतों में पशुओं के लिए चारा लेने गया था। उसके बाद लौटकर घर नहीं आया। दूसरे दिन मंगलवार को एक महिला ने उसका शव देखा।
उसने इसकी सूचना ग्रामवासियों को दी और लोगों ने आकर देखा तो उसकी पहचान गांव वासी श्रीराम के रूप में हुई है। हालात देख लगता है कि वह देर शाम चारा लेकर घर आ रहा था। गांव केे समीप बनी हड्डा रोड़ी के पास कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया।
बच्ची को भी बना चुके हैं शिकार
आवारा कुत्ते इसस पहले एक मासूम बच्ची को अपना शिकार बना चुके हैं। पिहोवा के गांव धूलगढ़ में करीब पांच-छह माह पहले बच्ची अपनी दादी के साथ खेतों में जा रही थी। इसी दौरान उसे कुत्तों ने नोंच डाला था।