धर्मनगरी व पिपली में पिछले कुछ दिनों से चोरों का आतंक बना हुआ है। पिछले एक माह के दौरान ही हुई चोरी की वारदातों में से पुलिस अभी तक एक भी घटना के आरोपियों को काबू नहीं कर पाई है, इससे चोरों के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं। पिपली में वीरवार रात को भी चोरों ने एक साथ दो घटनाओं को अंजाम दिया, जहां चोरों ने एक घर तो एक दुकान को अपना निशाना बनाया और हजारों रुपये का सामान व नगदी भी ले गए।
क्षेत्र के भगवान नगर वासी जय सिंह ने बताया कि गत रात चोरों ने उनके घर में रखे हजारों रुपये की कीमत के चावल के कट्टे चोरी कर लिए जबकि उनकी दुकान से पैसों का गुल्लक भी चोर अपने साथ लेकर चले गए है। वहीं कवल सिंह ने भी बताया कि वीरवार रात को चोर उसके घर में घुस गए और हजारों का सामान चुरा ले गए। दोनों घटनाओं का सुबह होने पर ही उस समय पता चल पाया जब घरों व दुकान में सामान बिखरा हुआ मिला।
वहीं पिछले सप्ताह ही अमरीक सिंह के घर भी चोर घुसे थे और घर में रखे ढाई लाख रुपये चुरा ले गए थे जबकि एक घटना इससे कुछ समय पहले हो चुकी है। गत रात हुई घटनाओं की सूचना मिलते ही भारी संख्या में लोग जमा हो गए और पुलिस पर चोरों को काबू न करने के आरोप लगाए। लोगों ने रोष जताते हुए कहा कि यह पुलिस की नाकामी है कि चोर लगातार घटनाओं को अंजाम दे रहे है।
थानेसर शहर में भी हो चुकी है कई घटनाएं
धर्मनगरी कुरुक्षेत्र के ही थानेसर शहर में मोहन सिनेमा के समीप छोटा बाजार में चोरों ने कुछ ही दिनों पहले एक साथ कई दुकानों को अपना निशाना बनाया था। चोरों ने एक बुुुक डिपो, एक गैस चूल्हे की दुकान सहित दो अन्य दुकानों में भी इसी माह एक साथ सेंध लगाई थी, जहां से हजारों का सामना ले उड़े थे थे तो वहीं एक दुकान से 11 हजार रुपये की नकदी भी चोरी कर ली गई थी। इन घटनाओं से आस-पास के दुकानदारों में भय का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस आज तक भी आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई है।
क्या कहते हैं थाना प्रभारी
सदर थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह राणा का कहना है कि पहले की घटनाओं को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की हुई है। लेकिन वीरवार रात को हुई घटनाओं को लेकर उनके पास केवल सूचना ही आई है, किसी भी व्यक्ति ने उन्हें लिखित में शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी जाएगी।