वर्ष 2016 की विदाई और नए वर्ष 2017 के स्वागत के लिए धर्मनगरी तैयार हो चुकी है। जहां निजी होटलों को दुल्हन की तरह सजाया गया है तो वहीं इनमें एडवांस बुकिंग भी शुरू हो गई है। नए साल पर इन होटलों में चहल-पहल बढ़ गई है, लेकिन पर्यटन विभाग की ओर से स्थित रेस्टोरेंटों में अभी भी वीरानी सी छाई हुई है। नए साल के स्वागत को लेकर निजी होटलों में पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही है और यहां नवंबर माह से नोटबंदी की मार झेल रहे होटल संचालकों को नए साल के आगमन पर उम्मीदें लगी है। इसी के चलते ही होटलों को सजाने से लेकर खाने-पीने की व्यवस्थाएं बढ़ाई गई है। इन होटलों में पिछले दो दिनों से एडवांस बुकिंग करवाई जा रही है। छात्रों से लेकर अन्य युवा व परिवार के लिए भी लोगों ने बुकिंग करवाई है तो वहीं 31 दिसंबर रात के लिए दो दिन पहले ही खाने की टेबल भी पूरी तरह से सजा दी गई तो वहीं होटल बाहर से दुल्हन की तरह सजे हुए है। उधर पर्यटन विभाग की ओर से पिपली में स्थित पैराकीट कांपलेक्स व कुरुक्षेत्र में स्थित नीलकंठी यात्री निवास में कोई रौनक नहीं दिखाई दी। यहां पर न तो शुक्रवार तक कोई अग्रिम बुकिंग हो पाई और न ही इन्हें सजाया गया।
पुलिस की टिकी निगाहें
नए साल को लेकर जहां युवाओं में जश्न मनाने के लिए उत्साह बना हुआ है वहीं किसी भी प्रकार की घटना को लेकर पुलिस की निगाहें भी टिकी हुई है। पुलिस ने सभी निजी होटलों की निगरानी कई दिनों से शुरू की हुई है तो वहीं पुलिस की टीमें भी इसके लिए बनाई गई है। एएसपी अभिषेक गर्ग ने सभी पुलिस कर्मियों को इस अवसर पर कड़ी निगाहें बनाए रखने के सख्त आदेश दिए है। सिटी थाना प्रभारी केवल सिंह का कहना है कि शहर में किसी भी प्रकार का हुड़दंग नहीं करने दिया जाएगा।