कुरुक्षेत्र। नगराधीश चंद्रकांत कटारिया ने लघु सचिवालय के सभागार में सीएम विंडो और सरल केंद्र से संबंधित सेवाओं की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग से संबंधित सीएम विंडो की शिकायतों का शीघ्र समाधान करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सीएम विंडो पर आने वाली शिकायतों का निवारण और सरल केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सेवाएं आमजन को अविलंब मिले, यही प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। अधिकारी अपनी असाधारण क्षमता का प्रयोग करते हुए सीएम विंडो की शिकायतों का निवारण करें और अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर हल कराएं।
कहा कि प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल समय-समय पर सीएम विंडो की शिकायतों की समीक्षा करते हैं और शिकायतों के तीव्र निवारण के आधार पर प्रत्येक जिले को रैंकिंग प्रदान की जाती है। इन सब बातों को ध्यान में रखकर जिला कुरुक्षेत्र को सीएम विंडो और सरल केंद्र की सेवाओं से संबंधित रैंकिंग में शीर्ष पर लाने के लिए अधिकारियों को अपने अपने स्तर पर प्रयास करने होंगे। कहा कि अधिकारी हर सप्ताह अपनी रिपोर्ट नगराधीश कार्यालय में भेजें। इस संबंध में प्रत्येक 15 दिन में समीक्षा बैठक की जाएगी। लंबित शिकायतों के निवारण होने और सरल केंद्र की सेवाओं के संबंध में पोर्टल को समय पर अपडेट करें ताकि जिला रैंकिंग में सुधार हो सके और अच्छा स्थान मिल सके। साथ ही जिन लोगों की शिकायतों का समाधान किया जाता है, उन्हें इस संबंध में सूचित भी करें। इस मौके पर डीडीपीओ प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।