कुरुक्षेत्र। जिला राजकीय पुस्तकालय में सोलर सिस्टम लगाया जाएगा। इससे जहां बिजली की बचत होगी, वहीं पुस्तकालय के खर्चों में भी कटौती आएगी। इतना ही नहीं पुस्तकालय में वाहनों की पार्किंग के लिए नया शेड बनाया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त मुकुल कुमार ने सोमवार को दी।
उपायुक्त पुस्तकालय का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और पाठकों के बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी की व्यवस्था के साथ-साथ अन्य सुविधाओं के बारे में भी जानकारी हासिल की। उपायुक्त ने पुस्तकालय के अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और पाठकों से फीडबैक ली। कहा कि पुस्तकालय में आने वाले पाठकों और विद्यार्थियों को देश की आजादी में अपने प्राणों को न्योछावर करने वाले वीरों के इतिहास को भी पढ़ना चाहिए।उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
पुस्तकालय में पार्किंग शेड और सोलर सिस्टम प्रोजेक्ट को लगाया जाएगा। इसके अलावा कैंटीन या वीटा बूथ को भी स्थापित करने के बारे में विचार-विमर्श किया जाएगा। कनिष्ठ पुस्तकालय अध्यक्ष हरजिंद्र कौर ने कुछ और सुविधाएं मुहैया कराने संबंधित अपनी रिपोर्ट उपायुक्त के समक्ष रखी। उन्होंने बताया कि इस समय पुस्तकालय में हर विषय से संबंधित 49267 पुस्तके हैं और 4620 सदस्य हैं। पुस्तकालयसुबह नौ बजे से लेकर रात्रि 11 बजे तक खुला रहता है। इस मौके पर सचिव एवं राजकीय महिला कॉलेज पलवल की शिक्षिका डॉ. मीनाक्षी, सदस्य धर्मवीर मिर्जापुर, बाबूराम आदि मौजूद रहे।