कुरुक्षेत्र। समस्त साईं परिवार कुरुक्षेत्र के तत्वावधान में 8 दिसंबर को श्री शिरडी साईं बाबा चरण पादुका दर्शन उत्सव आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए मेहर सिंह मलिक की अध्यक्षता में साईं परिवार के सदस्यों की बैठक सेक्टर सात स्थित श्री सत्य साईं मंदिर में आयोजित की गई जिसमें विचार-विमर्श किया गया।
बैठक का संचालन करते हुए डाॅ. विजय शर्मा ने बताया कि श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट शिरडी के तत्वावधान में श्री शिरडी साईं बाबा चरण पादुका दर्शन उत्सव आयोजित किया जा रहा है जो समस्त साईं परिवार की ओर से सोमवार 8 दिसंबर को पिपली रोड स्थित निजी होटल में होगा।
केवल कृष्ण छाबड़ा ने बताया कि इसी दिन सुबह 10 बजे पिपली चौक पर साईं पादुका जत्थे का स्वागत किया जाएगा, यहां से आयोजन स्थल तक शोभायात्रा के रूप में यह जत्था होटल में पहुंचेगा जहां बड़ी संख्या में साईं भक्तों की ओर से चरण पादुका जत्थे का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद दोपहर दो बजे से साईं पादुका दर्शन कराए जाएंगे, वहीं सांय चार बजे से भव्य साईं भजन संध्या होगी जिसमें विख्यात गायक पारस जैन और साईं विशाल दास अपने भजनों से बाबा का गुणगान करेंगे।
भजन संध्या के बाद सांय सात बजे विशाल भंडारा होगा। कार्यक्रम में श्री साईं बाबा संस्थान ट्रस्ट, शिरडी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडिलकर, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अहिल्यानगर अध्यक्षा अंजू शेंडे, अहिल्यानगर के कलेक्टर डाॅ. पंकज आशिया सहित कई सदस्य शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए व्यापक तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और लोगों को निमंत्रण दिया जा रहा है। बैठक में रामशरण और नवीन शर्मा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।