लाडवा। हरियाणा बिजली निगम ट्रांसफार्मर मरम्मत वर्कशाप मथाना में अचानक आग लग गई। शार्ट सर्किट से हुई इस आगजनी की घटना में दर्जनों ट्रांसफार्मर और तेल के ड्रम भेंट चढ़ गए।
हालांकि घटना की वजह से कितना नुकसान हुआ, अभी इसका अनुमान नहीं लगाया जा सका है। वहीं वर्कशॉप के साथ लगती कॉलोनी में रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल रहा। दमकल विभाग के कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
वीरवार दोपहर गांव मथाना स्थित बिजली निगम के ट्रांसफार्मर मरम्मत वर्कशाप में अचानक शार्ट सर्किट होने से आग लग गई। वहां मरम्मत के लिए आए दर्जनों ट्रांसफार्मर और उनमें डालने वाला तेल आगजनी की भेंट चढ़ गया। देखते ही देखते आग पूरी तरह भड़क गई।
इसकी सूचना बिजली निगम के कर्मचारियों ने कुरुक्षेत्र और लाडवा के दमकल विभाग को और अधिकारियों को दी। हादसे का पता चलने पर कुरुक्षेत्र से दमकल विभाग की दो गाड़ियां और लाडवा से एक गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। करीब अढ़ाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने से वर्कशाप के पास लगती कॉलोनी वासियों में भड़कती आग को देखकर दहशत का माहौल पैदा हो गया। यदि आग उस कॉलोनी की तरफ चली जाती तो काफी जान और माल का नुकसान हो सकता था। दमकल विभाग के कर्मचारियों और बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बड़ी मुस्तैदी से आग पर काबू पाया।
निगम के एसडीओ वीएस मौर ने बताया कि अभी नुकसान का अनुमान नहीं लगाया जा सका है। वहीं मौके पर पहुंचे एक्सईएन गीतू राम ने बताया कि बिजली की तारों के शार्ट सर्किट से यह आग लगी है, लेकिन यहां जो ट्रांसफार्मर पडे़ हैं वे कंडम स्थिति में थे और उनमें से जो भी आवश्यक सामान होता है उसे पहले ही निकाल लिया था।