लाडवा (कुरुक्षेत्र)। गांव जोगी माजरा की एक नाबालिग की गैंगरेप के बाद मौत हो गई। पुलिस ने इस संबंध में दुगारी गांव के दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
बताया जा रहा है कि इनमें से एक युवक सरपंच का बेटा है और बीए प्रथम वर्ष में पढ़ता है। पुलिस इसे संदिग्ध हालात में मौत का मामला बताकर जांच में जुट गई है।
पुलिस यह भी आशंका जता रही है कि मामला गैंगरेप का नहीं है। जबकि परिजनोें का आरोप है कि नाबालिग से गैंगरेप हुआ है और मारपीट भी की गई है।
उन्होंने मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। दूसरी ओर एसएचओ नरेंद्र सिंह का कहना है कि पीड़िता के भाई ने जो शिकायत दी है, पुलिस उसी के आधार पर कार्रवाई कर रही है। मामले की सच्चाई जानने के लिए पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के भाई ने बताया कि बुधवार को उनका पूरा परिवार खेतों में गया हुआ था। दोपहर को परिवार के सभी लोग घरों में लौट आए, लेकिन उसकी बहन नहीं लौटी।
शाम को जब वह घर पहुंची तो काफी डरी और सहमी हुई थी। काफी पूछने पर उसने बताया कि गांव दुगारी के दो युवक उसे ले गए थे।
इन दोनों लोगों ने पहले उससे मारपीट की और बाद में जबरदस्ती भी की। यह व्यथा सुनाते हुए वह बेहोश होकर गिर गई। बुधवार देर शाम को परिजन उसे गांव के ही एक डॉक्टर के पास ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे लाडवा के ही एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया।
यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लाडवा पुलिस ने इस शिकायत के आधार पर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस प्रकरण की सूचना मिलते ही डीएसपी नूपुर बिश्नोई लाडवा थाने पहुंची और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक दोनों आरोपियों में से किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी।
तीन साल पहले कुरुक्षेत्र में घटित हुआ स्वीटी हत्याकांड के मामले में तीन दोषियों को सजा मिले एक दिन भी नहीं बीता था कि गैंगरेप का एक और मामला प्रकाश में आ गया।
पिछले हत्याकांड में तीन युवकों ने किशोरी की गैंगरेप के बाद हत्या कर दी थी और शव को करनाल के एक गांव में फेंक दिया था। तीन साल तक चले केस के बाद बुधवार को ही कोर्ट ने दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी। ठीक उसी दिन एक और गैंगरेप के बाद मौत की घटना हो गई।
लाडवा थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार से जानकारी ली गई तो उन्होंने कहा कि संदिग्ध हालात में एक नाबालिग लड़की की बुधवार रात मौत हो गई थी। मृतका की लाश पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में भेज दी है।
डीएसपी नूपुर बिश्नोई के मुताबिक पोस्टमार्टम की रिर्पोट आने के बाद ही मौत के कारणों सही खुलासा हो सकेगा। उन्होंने बताया कि गांव दुगारी के आरोपी दो युवकों के खिलाफ धारा 376 जी गैंगरेप और 323 मारपीट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और उन्होंने कहा कि आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।