सेक्टर चार की दो हजार से ज्यादा की आबादी पिछले 12 साल से सीवरेज की समस्या का दंश झेल रही है। इस सेक्टर के लोग कई बार समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत दे चुके हैं, मगर समाधान नहीं हो रहा है। सीवरेज ओवरफ्लो होने से गंदा पानी सेक्टर की खाली जमीन पर जमा हो रहा है। इस कारण गंदे पानी से उठती दुर्गंध ने सेक्टरवासियों को जीना मुहाल कर दिया है।
सेक्टरवासियों का कहना है कि अधिकारी उनकी समस्या का समाधान करने की बजाय उसे बढ़ा रहे हैं। सीवर ओवरफ्लो होने पर एचएसवीपी के कर्मचारी पंप से सीवरेज के गंदे पानी को घरों के आसपास खाली प्लाट व सड़कों पर छोड़ देते हैं। यह गंदा पानी कई दिनों तक खाली प्लाटों में जमा रहता है, जिससे इतनी ज्यादा दुर्गंध उठती है कि उनका अपने घरों में रहना भी मुश्किल हो जाता है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सीवरेज डालने के बाद भी उसे आगे सीवरेज लाइन से नहीं जोड़ा गया है, जिस कारण से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कई बार एचएसवीपी के अधिकारी मौके का मुआयना भी कर चुके हैं, मगर कोई समाधान नहीं किया गया।
अधिकारी लाइन बदलने की करते हैं बात : महेंद्र सिंह
महेंद्र सिंह ने कहा कि करीब चार साल पहले वे मामले को लेकर विधायक सुभाष सुधा से मिले थे। तब विधायक ने एचएसवीपी के अधिकारियों को फोन किया था। उस समय तत्कालीन एसडीओ ने बताया था कि यह लाइन गलत बिछी हुई है। यह पूरी लाइन बदली जाएगी, मगर अब तक कोई काम नहीं किया गया है।
पाइप लाइन का लेवल हो गया खराब : चंदन सिंह
चंदन सिंह ने बताया कि सारा दिन सीवरेज के गंदे पानी में घिरे रहने से उनकी जिंदगी नरक जैसी हो गई है। दिनभर दुर्गंध से जहां घरवाले परेशान रहते हैं, वहीं बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।
सीएम विंडो पर डालेंगे शिकायत : बलबीर सिंह
बलबीर सिंह ने कहा कि वे अधिकारियों के चक्कर काटकर थक चुके हैं। अब उनके पास सीएम विंडो पर शिकायत देने के अलावा अन्य कोई चारा नहीं बचा है। वे कई सालों से यहां रह रहे हैं, लेकिन सुविधाओं के नाम पर एचएसवीपी ने कुछ नहीं किया।
लाइन जोड़ने का चल रहा कार्य : एसडीओ
एचएसवीपी के एसडीओ काशी राम ने बताया कि लाइन जोड़ने का कार्य चल रहा है, जो कि करीब एक सप्ताह तक चलेगा। अगर ये लाइन नहीं जुड़ती तो नई लाइन बिछाई जाएगी, जिससे सेक्टर वासियों की समस्या का समाधान हो जाएगा।