कुरुक्षेत्र। लाडवा शराब ठेके पर गोली चलाने के मामले में सीआईए एक की टीम ने दूसरे आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान यमुनानगर के जोगिंद्र नगर निवासी अर्जुन के रूप में हुई है।
14 सितंबर की रात को लाडवा बस अड्डे स्थित शराब ठेके पर मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने गोली चलाई थी। सूचना पर पुलिस ने जिलेभर में नाकेबंदी की लेकिन बदमाश मौके से भाग निकलने में कामयाब रहे। पुलिस दबिश देते हुए 19 सितंबर 2025 की शाम को सोंटी गांव में पहुंची। यहां जैनपुर जाटान निवासी आरोपी अमन ने पुलिस टीम को देखते ही भागने का प्रयास करते हुए दो राउंड फायर कर दिए। जवाबी कार्रवाई में बचाव करते हुए टीम ने गोली चलाई जो आरोपी के पांव में लगी। इसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक कट्टा मिला। आगामी कार्रवाई करते हुए टीम ने अर्जुन को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया जिसे अदालत में पेश करने के बाद कारागार भेज दिया।