संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर ने सोमवार को लंबित मांगों के समर्थन में सांकेतिक धरना दिया। साथ ही मांगें न माने जाने पर 28 मार्च से खंड विकास कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना देने की चेतावनी दी है।
ब्लॉक प्रधान रामकुमार के नेतृत्व में शाहाबाद खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में ऑपरेटरों ने एक घंटे का धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धरने में प्रदेशाध्यक्ष सत्यपाल वर्मा एवं जिला प्रधान कुलवंत शर्मा भी पहुंचे। नेताओं ने बताया कि ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटरों को एक साल से वेतन नहीं दिया गया है। पंचायत विभाग में अधिकारी अपने महानिदेशक व अतिरिक्त मुख्य सचिव हरियाणा सरकार विकास एवं पंचायत विभाग हरियाणा के आदेशों को भी लागू नहीं करते। जिले के 227 ग्रामीण ट्यूबवेल ऑपरेटर के परिवार भुखमरी के कगार पर हैं।
ब्लॉक प्रधान रामकुमार व थानेसर ब्लॉक के प्रधान इंद्रपाल सिंह ने बताया कि पंचायत विभाग के अधिकारी प्रदेश सरकार की छवि को धूमिल करने में लगे हैं। जिला प्रधान कुलवंत शर्मा ने सरकार के आदेशों को लागू करने और अटका हुआ एक साल का मानदेय जारी करने सहित अन्य मांगें पूरी न होने पर 28 मार्च से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है। इस मौके पर राम रतन शर्मा, बलबीर, वंशी, सतपाल कश्यप, धर्मपाल, जयसिंह, दीपक, राजबीर, कुलदीप, नरेश, रिखी राम, सुखबीर रोहिल्ला, बलविंद्र, जसविंदर, धर्मपाल, बंसी लाल, इंद्रपाल, नरेश कुमार, जसविंदर, दीपक, रणजीत, जयसिंह, गुरबक्श, गुरमीत, सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।