पानीपत। सेक्टर 29 में चौटाला रोड पर मुख्य सीवर लाइन धंसने के बाद मंगलवार को मॉडल टाउन में कमालिया भवन के पास सीवर लाइन के मैनहोल के पास सड़क धंस गई। सड़क के नीचे 10 फीट गहरा व इतना ही चौड़ा गड्ढा बन गया। इसके अलावा सेक्टर 29 में ड्रेन एक के किनारे में एक जगह सीवर लाइन धंस गई। इससे पहले रविवार को सेक्टर 29 में चौटाला रोड पर मुख्य सीवर लाइन नौवीं बार धंसी थी। इन तीनों घटनाओं से प्रशासन में हड़कंप मच गया है। शहरवासी लगातार हो रही इन घटनाओं का जिम्मेदार प्रशासन को ठहरा रहे हैं। फिलहाल नगर निगम की टीम और पुलिस ने सड़क के नीचे मिट्टी धंसने से बने गड्ढे के दाेनाें तरफ बैरिकेड्स लगा दिए
मंगलवार को कमालिया भवन के पास सड़क की मिट्टी धंसने का मामला नगर निगम की दो शाखाओं के बीच उलझ गया है। दोनों शाखाओं के अधिकारी इसके लिए एक दूसरे को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। लाेगाें ने बताया कि यहां पहले इंजीनियरिंग शाखा के अधिकारी आए थे। उन्होंने कहा कि यह मिट्टी उनके काम के कारण नहीं धंसी है। उनकी देखरेख में सड़क का काम बेहतर हुआ है। इसके बाद सीवर शाखा के अधिकारी पहुंचे। उन्हाेंने कहा कि यह मिट्टी धंसने के लिलए पेयजल सप्लाई शाखा जिम्मेदार है। इसी शाखा के ठेकेदार ने पानी की पाइप डालने के दाैरान सीवर के मैनहोल की दीवार ताेड़ी है। वे ही मरम्मत करवाएंगे। जबकि लाेगाें का कहना है कि जिस जगह पर सीवर लाइन के मैनहोल के पास मिट्टी धंसी है, वहां पानी की पाइपलाइन नहीं डाली है। यहां ताे छह माह से पानी रिसने की समस्या चल रही है। सड़क निर्माण से पहले भी समाधान कराने की बजाय लापरवाही बरतते हुए सड़क बनाई है।
मुख्य सीवर लाइन बनी आफत-
करीब 30 साल पुरानी इस लाइन से अब आधे शहर की निकासी पर संकट के बादल तो छाए ही हुए हैं अब ये लोगों की जान के लिए भी आफत बन चुकी है। प्रशासन इस लाइन की एक जगह से रिपेयर करता है तो यह दूसरी जगह धंस जाती है। अब यह चौटाला रोड पर धंस गई। इसकी मरम्मत का काम चल रहा है। शहर की इस मुख्य सीवर लाइन पर शहर के 26 में से 26 वार्डों के गंदे पानी की निकासी निर्भर है। ये लाइन शहर से होकर सेक्टर 25-29 बाईपास से होते हुए सिवाह एसटीपी लाइन तक जाती है। इससे पहले भी ये लाइन करीब डेढ़ साल में आठ बार धंस चुकी है।
नहीं हुआ मरम्मत काम शुरू-
सेक्टर-29 पार्ट-1 में ड्रेन-1 किनारे हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की पेयजल सप्लाई की पाइप लीकेज हाेने के कारण धंसी सड़क की मरम्मत मंगलवार काे भी शुरू नहीं हाे पाई। यहां पर सड़क का निर्माण नगर निगम कराएगा और पानी वाली पाइप की मरम्मत एचएसवीपी कराएगा। दाेनाें विभागाें के तालमेल से ही यह सड़क के इस हिस्से की मरम्मत हाे पाएगी। जल्दी ही मरम्मत के दावे किए जा रहे हैं। इसके लिए सड़क के बड़े हिस्से की खुदाई कराई जाएगी।
।
कराई जाएगी रिपेयर: एक्सईएन
जल्द सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। पूरे मामले की गहन जांच भी चल रही है। लोगों को परेशानी नहीं होने देंगे।
-राजेश कौशिक, एक्सईएन, नगर निगम।